RDA की 121 प्रॉपर्टी ऑनलाइन, घर बैठे बुकिंग का मौका
RDA की 121 प्रॉपर्टी ऑनलाइन, घर बैठे बुकिंग का मौका
रायपुर। रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों की बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी है। अब इच्छुक नागरिक घर बैठे ही आरडीए की वेबसाइट के माध्यम से संपत्तियों की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन, बुकिंग और मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान कर सकेंगे।
कमल विहार और रावभाटा की 121 संपत्तियां उपलब्ध
प्राधिकरण ने पहले चरण में कमल विहार, रावभाटा सहित विभिन्न योजनाओं की करीब 121 आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों को ऑनलाइन बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया है। कमल विहार में आवासीय फ्लैट, आवासीय और व्यावसायिक भूखंड, जबकि रावभाटा में व्यावसायिक संपत्तियां बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं। आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए भी आवासीय संपत्तियां उपलब्ध कराई गई हैं।
आवंटन में पारदर्शिता और समय की बचत
आरडीए अध्यक्ष नंदे साहू ने कहा कि ऑनलाइन व्यवस्था से समय की बचत होगी, प्रक्रिया सरल बनेगी और संपत्तियों के आवंटन में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी अवनीश कुमार शरण ने बताया कि लंबे समय से बंद बुकिंग प्रक्रिया को फिर शुरू करते हुए सभी उपलब्ध संपत्तियों को एकसाथ ऑनलाइन पोर्टल पर लाइव किया गया है। प्राधिकरण का लक्ष्य अधिकाधिक सेवाओं का डिजिटलीकरण कर नागरिकों को त्वरित, सरल और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।








