भारी बारिश से बलरामपुर-अंबिकापुर बेहाल, कॉलोनियां जलमग्न
भारी बारिश से बलरामपुर-अंबिकापुर बेहाल, कॉलोनियां जलमग्न
बलरामपुर जिले के राजपुर तहसील में बारिश का पानी घुसा। अंबिकापुर के कॉलोनी में जलभराव हो गया।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर एक्टिव है। उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो रही है। बलरामपुर जिले में लगातार बारिश के चलते आज शासकीय और निजी स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। राजपुर के तहसील कार्यालय में बारिश का पानी घुस गया है।
वहीं अंबिकापुर की पॉश कॉलोनी कुंडला वसुंधरा में भी लगातार बारिश से पानी भर गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का जोर अधिक रह सकता है। प्रदेश में अब तक सामान्य से 2% कम बारिश हुई है।
मानसूनी बारिश सामान्य से सिर्फ 2% कम
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश लगभग सामान्य रही है। इसमें सामान्य से केवल 2% की कमी दर्ज की गई है। अगले दो दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। एक-दो जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी संभावना है।
एमसीबी में 15 घंटे से लगातार बारिश, VIP कॉलोनी में घुटनों तक पानी
एमसीबी जिले में पिछले करीब 15 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। मनेन्द्रगढ़ की VIP कॉलोनी की सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है। जलभराव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की है।
इधर, भरतपुर क्षेत्र में मिट्टी के कटाव के कारण मनेन्द्रगढ़-जनकपुर मुख्य मार्ग पर विशाल पीपल का पेड़ गिर गया। PWD, वन और राजस्व विभाग की टीम पेड़ हटाने में जुटी है। सुरक्षा के चलते मार्ग पर दोनों तरफ से आवाजाही बंद की गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रारोड सबसे ठंडा
प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 31°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 21.4°C रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी
रायपुर शहर में आज (2 सितंबर) गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान करीब 30°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।








