735 फीट की छलांग लगाकर पिता-पुत्र ने बनाया नया रिकॉर्ड
735 फीट की छलांग लगाकर पिता-पुत्र ने बनाया नया रिकॉर्ड
ग्वालियर। उत्तराखंड के देवप्रयाग में गंगा नदी के ऊपर बने भारत के सबसे ऊंचे 735 फीट बंजी जंपिंग प्लेटफॉर्म से ग्वालियर के इंटरनेशनल माउंटेनियर और एडवेंचर प्रेमी डॉ. भूपेंद्र शर्मा एवं उनके बेटे कंदर्प शर्मा ने रोमांचक छलांग लगाकर शहर और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
कंदर्प शर्मा पहले भी कम उम्र में माउंट एवरेस्ट बेस कैंप और काला पत्थर पीक पर चढ़ाई कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना चुके हैं। इसके अलावा वे अंडमान-निकोबार में समुद्र तल के भीतर स्कूबा डाइविंग कर भी रिकॉर्ड दर्ज करा चुके हैं।
यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ग्वालियर यूनिट के उपाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने बचपन से ही बेटे के मन में ऊंचाई का डर पैदा नहीं होने दिया। इसके बजाय रॉक क्लाइंबिंग, रेपलिंग, जुमारिंग, स्लिदरिंग, फ्लाइंग फॉक्स और वैली क्रॉसिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स के जरिए उसे आत्मविश्वास और साहस से जोड़ने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा कि लगातार किए गए इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि कंदर्प ने भारत की सबसे ऊंची बंजी जंपिंग को पूरे आत्मविश्वास और ऊर्जा के साथ पूरा किया। पिता-पुत्र की इस जोड़ी की साहसिक छलांग को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।







