राज्य तैराकी में ग्वालियर के तैराक दिखाएंगे दम
राज्य तैराकी में ग्वालियर के तैराक दिखाएंगे दम
नई दिल्ली । इंदौर में 16 से 18 जुलाई तक आयोजित होने वाली 54वीं मध्य प्रदेश राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता में ग्वालियर के होनहार तैराक अपनी चुनौती पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह सभी खिलाड़ी ग्वालियर तैराकी संघ के बैनर तले इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। तैराकी संघ ग्वालियर के अध्यक्ष प्रेम नारायण गुप्ता एवं सचिव राजेंद्र उपाध्याय ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा की है।
कई पदक जीतकर लौटेंगे
संघ के मुख्य प्रशिक्षक एवं नेवल एनसीसी ऑफिसर सचिन पाल ने बताया कि राज्य स्तर पर पदक जीतने के इरादे से सभी चयनित तैराक मंगलवार, 14 जुलाई को इंटरसिटी एक्सप्रेस से इंदौर के लिए रवाना होंगे। कोच पाल ने उम्मीद जताई है कि खिलाड़ियों ने कड़ी मेहनत की है और वे शहर के लिए कई पदक जीतकर लौटेंगे।
संघ के सचिव ने बताया कि ग्वालियर की टीम में अलग-अलग आयु वर्ग (ग्रुप) में शहर के सर्वश्रेष्ठ तैराकों को शामिल किया गया है।
ग्रुप-4 अंडर 9-10 (बालक वर्ग): इस वर्ग में वीर भारद्वाज, बिलाल खान, भव्यांश शर्मा, देवांश चौहान और अयान गुप्ता ग्वालियर की चुनौती पेश करेंगे।
ग्रुप-4 अंडर 9-10 (बालिका वर्ग): बालिकाओं के इस मुकाबले में शिविका मारवाड़ी, शान्या भारद्वाज, डिंपल कंवर, समायरा अग्रवाल, धैर्य साहू और काव्या पाल पानी में अपनी रफ्तार का जादू दिखाएंगी।
ग्रुप-3 अंडर 11-12 (बालक वर्ग): इस आयु वर्ग में आरव गोयल, वेदांत शर्मा, श्रीजस्व, तेजसव शर्मा, वेद शिवहरे और लारान्या सुयाल से टीम को पदक की बड़ी उम्मीदें हैं।
ग्रुप-3 अंडर 11-12 (बालिका वर्ग): इस वर्ग में अविशिका अग्रवाल, मायरा वलेचा और कामाख्या गुप्ता राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
ग्रुप-2 अंडर 13-14 (बालक वर्ग): सबसे कड़े मुकाबलों में से एक इस वर्ग में नंदिश शर्मा, समर राठौर, विदित त्रिपाठी, आरव शर्मा, शाश्वत राय, दिव्य प्रताप सिंह राजपूत और रिधिक सोलंकी प्रतिद्वंदियों को कड़ी टक्कर देने उतरेंगे। इसी आयु वर्ग के बालिकाओं में महिका पाल और आशना अग्रवाल पदक के लिए चुनौती देंगी।
इन खिलाड़ियों का चयन गुरुवार, 9 जुलाई को तरण पुष्कर में संपन्न चयन ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। बता दें, इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश भर से 300 तैराकों से अधिक भाग लेंगे। प्रतियोगिता इंदौर महू नाका स्थित लक्ष्मण चौहान तरण पुष्कर आयोजित की गई है।








