ऑनलाइन मंगाया चाकू, PG में घुसकर किया मर्डर
ऑनलाइन मंगाया चाकू, PG में घुसकर किया मर्डर
दुर्ग-भिलाई । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई में 19 साल की नर्सिंग छात्रा की युवक ने हत्या कर दी। खुशी साहू बेमेतरा की रहने वाली थी वह भिलाई में PG में रहकर फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। आरोपी पिंटू साहू उससे एकतरफा प्यार करता था।
वह पिछले करीब एक महीने से उसे अलग-अलग नंबरों से कॉल कर परेशान कर रहा था, जिससे खुशी ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी रायपुर से भिलाई पहुंचा और उसके कमरे में घुसकर मार डाला।
शुक्रवार को पिंटू ने पहले खुशी गला दबाया, फिर चाकू से पीठ, हाथ और पेट पर 10 वार किए, जिससे युवती की जान चली गई। पुलिस ने आरोपी पिंटू साहू को बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने रामनगर स्थित घटनास्थल पर सीन रिक्रिएट भी कराया। पुलिस आज इस मामले का खुलासा करेगी। घटना वैशाली नगर थाना क्षेत्र की है।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, बलौदाबाजार का रहने वाला पिंटू साहू (24) बेरोजगार है। शुक्रवार (10 जुलाई) सुबह उसने खुशी साहू (19) को दो बार कॉल किया था। खुशी ने उसका नंबर पहले ही ब्लॉक कर रखा था, इसलिए बात नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपी ने खुशी की सहेली को फोन किया।
सहेली ने पिंटू को बताया कि खुशी के पास मोबाइल नहीं है। इसके बाद आरोपी बाइक से सीधे खुशी के रामनगर स्थित किराए के कमरे पर पहुंच गया। उस समय खुशी की सहेली बाथरूम में नहाने गई थी। कमरे में खुशी अकेली थी।
पहले गला दबाया, फिर चाकू से किए 10 वार
पुलिस जांच में सामने आया है कि, कमरे में पहुंचने के बाद आरोपी ने खुशी से विवाद किया। उसने खुशी का गला दबा दिया। गला दबाने से खुशी बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी ने चाकू से उसकी पीठ, हाथ और पेट पर करीब 10 वार किए।
गंभीर चोट और ज्यादा खून बहने से खुशी की मौत हो गई। वारदात के दौरान आरोपी पिंटू के हाथ में भी गंभीर चोट आई। हत्या के बाद वह कमरे से निकलकर फरार हो गया और रायपुर की ओर चला गया।
भाई को बताया था, एक युवक कर रहा है परेशान
खुशी की सहेली जब बाथरूम से बाहर आई तो उसने खुशी को कमरे में खून से लथपथ पड़ा देखा। उसने तुरंत मकान मालिक और पास के कैफे संचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और खुशी को अस्पताल लेकर गई। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में पता चला है कि खुशी ने करीब एक हफ्ते पहले अपने भाई को पिंटू के बारे में बताया था कि एक युवक लगातार अलग-अलग नंबरों से फोन कर उसे परेशान कर रहा है। आरोपी ने 2 दिन पहले खुशी के भाई को भी धमकी दी थी।
इसके अलावा उसने उस कैफे संचालक को भी धमकाया था, जहां खुशी पार्ट टाइम नौकरी करती थी। पिंटू चाहता था कि खुशी नौकरी छोड़ दे और उससे शादी करे।
ऑनलाइन मंगवाया था हत्या में इस्तेमाल चाकू
खुशी निजी कॉलेज से फार्मेसी की पढ़ाई कर रही थी। इसके साथ ही वह बेमेतरा में बीए की परीक्षा भी दे रही थी। गुरुवार (9 जुलाई) को ही उसका भाई उसे भिलाई छोड़कर गया था। अगले दिन शुक्रवार को उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल चाकू ऑनलाइन मंगवाया था। हत्या के बाद वह रायपुर भाग गया था। पुलिस ने उसकी तलाश कर बलौदाबाजार से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे घटना स्थल पर लाकर सीन रिक्रिएट कराया गया।










