बेटा-बहू नहीं, दादी के सहारे पल रहे तीन बच्चे

बेटा-बहू नहीं, दादी के सहारे पल रहे तीन बच्चे

बेटा-बहू नहीं, दादी के सहारे पल रहे तीन बच्चे

बिलासपुर। बलिदानी मंगल पांडे नगर वार्ड 59 निवासी वृद्धा कलेक्टर जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंची। उन्होंने बताया कि उनके अंगूठे की लकीर मिट चुकी है, इस कारण उन्हें राशन लेने में परेशानी हो रही है। बेटा और बहु पहले ही दुनिया छोड़ कर जा चुके हैं, उनके तीन बच्चो की जवाबदारी भी उन्ही के उपर है। अगर राशन नहीं मिलेगा तो परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो जाएगा।

मंगलवार को मंथन सभागार में कलेक्टर संजय अग्रवाल के साप्ताहिक जनदर्शन में बलिदारी मंगल पांडे नगर निवासी आशारानी अपनी पोती के साथ पहुंची थी। उन्होंने कलेक्टर को बताया कि उनके अंगूठे का निशान धूंधला हो चुका हैं, इसकी वजह से पोश मशीन में उनके अंगूठे का निशान नहीं आता है। धूंधली हो चुकी लकीर की जगह वे अपनी पोती के अंगूठे से राशन की मांग करने पहुंची थी। उन्होंने बताया कि बेटा व बहू की मौत के बाद उनके तीन बच्चो को पालने की जवाबदारी भी उन्हीं पर है। सरकार से मिलने वाले राशन से ही उनका व उनके परिवार का गुजारा चलता है।

वृद्धा आशारानी ने बताया कि दुकानदार ने कहा कि कलेक्टर कार्यालय में खाद विभाग से परमिशन लेकर आओ, तब राशन दिया जाएगा, नहीं तो राशन बंद होने की जानकारी दी हैै। दुकानदार की बात सुनने के बाद वह कलेक्टर से राशन निरतंर मिलता रहे इसके लिए आदेश लेने पहुंची है। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग को मामले में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जनदर्शन में जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी ने भी आवेदनों को सुना व उनका निराकरण करने का आश्वासन भी दिया।

जनदर्शन में पहुंची यह शिकायत

मस्तूरी विकासखंड के ग्राम लिमतरा की उचित मूल्य दुकान से पिछले चार से छह महीनों से ग्रामीणों को राशन नहीं मिलने की गंभीर शिकायत जनदर्शन में पहुंची। कार्डधारियों ने बताया कि राशन न मिलने से उनके सामने भुखमरी की नौबत आ गई है। कलेक्टर ने खाद्य नियंत्रक को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

मस्तूरी के ग्राम सुकुलकारी निवासी राजकुमार सोनी ने शिकायत की कि उन्होंने ग्राम पंचायत जलसों के पंचायत भवन में दो साल पहले विद्युत फिटिंग का कार्य किया था, जिसका भुगतान आज तक अटका हुआ है। कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आवेदन को जिला पंचायत सीईओ की ओर भेजकर जांच कर राशि दिलाने को कहा।
तखतपुर विकासखंड के पेंडारी निवासी किसान लक्ष्मी प्रसाद कौशिक ने कलेक्टर को बताया कि उनके खेत तक जाने वाले मार्ग की शासकीय भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण कर लिया है, जिससे खेती कार्य में बाधा आ रही है। कलेक्टर ने तखतपुर एसडीएम को तत्काल मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश जारी किए।
तिफरा निवासी दिव्यांग कर्मचारी दुर्गा केंवट ने समाज कल्याण विभाग में कंप्यूटर आपरेटर के पद पर कार्य करने के बाद भी वेतन में हो रही देरी की शिकायत की। वहीं, बिल्हा के ग्राम कड़ार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिना काम किए ही मजदूरी भुगतान करने का फर्जीवाड़ा सामने आया, जिस पर जनपद सीईओ को जांच सौंपी गई है।

वर्जन...

जनदर्शन में प्राप्त सभी शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है। राशन वितरण को लेकर जो भी शिकायत मिली उसका निराकरण करने खाद अधिकारी को कहा गया है। जनदर्शन में जो भी शिकायत मिली है उनका भी समय पर समाधान करने निर्देश दिए गये है।

संजय अग्रवाल, कलेक्टर बिलासपुर