एमएस धोनी के बयान का वीडियो हुआ वायरल
एमएस धोनी के बयान का वीडियो हुआ वायरल
नई दिल्ली : एमएस धोनी (MS Dhoni IPL Retairement) ने आईपीएल से संन्यास को लेकर चल रही अटकलों पर हल्के-फुल्के अंदाज में प्रतिक्रिया दी है। चेन्नई के चेपॉक में 22 मार्च को आयोजित ‘Roar 2026’ फैन इवेंट के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह 60 साल की उम्र तक आईपीएल खेलना जारी रख सकते हैं।
इस कार्यक्रम में अभिनेता शिवकार्तिकेयन (Sivakarthikeyan) ने धोनी से संन्यास की चर्चाओं को नजरअंदाज कर पीली जर्सी में खेलते रहने का अनुरोध किया। इस पर 44 वर्षीय धोनी ने मुस्कुराते हुए कहा कि यह आसान नहीं होगा, लेकिन वह कोशिश कर सकते हैं। उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया।
धोनी IPL के 19वें सीजन में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने अब तक 278 मैचों में 5439 रन बनाए हैं और उन्हें लीग के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में गिना जाता है। उनकी कप्तानी में Chennai Super Kings (CSK) ने पांच बार खिताब अपने नाम किया है।
अब टीम की कमान (ऋतुराज गायकवाड़) Ruturaj Gaikwad के हाथों में है, जबकि धोनी एक मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं। मैदान पर वह मुख्य रूप से मैच फिनिश करने की जिम्मेदारी संभालते हैं, जिससे टीम को अनुभव का लाभ मिलता है।
CSK के सीईओ ने स्पष्ट किया है कि धोनी IPL 2026 में पूरा सीजन खेलेंगे। हालांकि, यह सीजन उनके करियर का अंतिम पड़ाव हो सकता है, जिसे शानदार विदाई के रूप में देखा जा रहा है। टीम में नए खिलाड़ियों के आने की चर्चा भी है, जिससे दबाव कम होने की उम्मीद है।
इसी इवेंट में सुरेश रैना (Suresh Raina) और मैथ्यू हेडन (Matthew Hayden) को सीएसके के पहले ‘हॉल ऑफ फेम’ में शामिल किया गया। रैना को उनके फैंस ‘चिन्ना थाला’ नाम से बुलाते हैं। वे 2008 से 2021 तक टीम के अहम स्तंभ रहे और कई खिताबी जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







