पार्थ के बल्ले से निकली बुंदेलखंड बुल्स की रोमांचक जीत

पार्थ के बल्ले से निकली बुंदेलखंड बुल्स की रोमांचक जीत

पार्थ के बल्ले से निकली बुंदेलखंड बुल्स की रोमांचक जीत

इंदौर। युवा बल्लेबाज पार्थ गोस्वामी ने लाजवाब नाबाद शतकीय पारी खेलते हुए मध्य प्रदेश लीग टी-20 सिंधिया कप 2026 के मुकाबले में बुंदेलखंड बुल्स को भोपाल लेपर्ड्स के खिलाफ छह विकेट से आसान जीत दिला दी। एमपीएल 2026 का नईदुनिया मीडिया पार्टनर है।

इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर खेले गए मैच में भोपाल टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में तीन विकेट पर 197 रन बनाए। बुंदेलखंड बुल्स ने पार्थ की धमाकेदार पारी की बदौलत यह लक्ष्य 18.5 ओवरों में चार विकेट पर 201 रन बनाते हुए हासिल कर लिया।

टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, सलामी बल्लेबाज व कप्तान अभिषेक पाठक (1) और शिवांग कुमार (8) के विकेट जल्दी गंवा दिए। हालांकि दूसरे सलामी बल्लेबाज हर्ष गवली ने 31 रनों पर 37 रनों की पारी खेली। मैच का आकर्षण पार्थ की आक्रामक बल्लेबाजी रही। दो विकेट जल्द गिरने के बाद उन्होंने भोपाल के गेंदबाजों की जमकर धज्जियां उधेड़ी।

पार्थ का विकेट हासिल करने के लिए भोपाल ने सात गेंदबाजों को आजमाया लेकिन सफलता नहीं मिली। पार्थ ने 53 गेंदों पर छह छक्कों और नौ चौकों की मदद से 101 रन बनाकर नाबाद रहे। उनका स्ट्राइक रेट 180 के ऊपर रहा। पार्थ को दूसरे छोर पर भूमेश मुजाल्दा का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 13 गेंदों पर तीन चौकों व दो छक्कों की मदद से 29 रनों की नाबाद पारी खेली। दोनों खिलाड़ियों ने अंतिम ओवरों में तेजी से खेलते हुए सात गेंदों पहले ही जीत दिला दी।

इससे पहले भोपाल की टीम ने तनिष्क यादव (8) और सूरज यादव (9) को सस्ते में गंवा दिया। यहां से राहुल चंद्रोल (33) ने हिमांशु शिंदे के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया लेकिन उनके आउट होने के साथ टीम का स्कोर 11वें ओवर में 63/3 हो गया। यहां से हिमांशु शिंदे और कप्तान अनिकेत वर्मा की जोड़ी ने बड़ी साझेदारी करते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया। अनिकेत ने नौ छक्कों और पांच चौकों की मदद से 39 गेंदों पर 85 रनों की नाबाद पारी खेली। वहीं हिमांशु 37 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच 163 रनों की अविजित साझेदारी हुई।