लगातार चौथी जीत के साथ चंबल घड़ियाल्स फाइनल में

लगातार चौथी जीत के साथ चंबल घड़ियाल्स फाइनल में

लगातार चौथी जीत के साथ चंबल घड़ियाल्स फाइनल में

इंदौर। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के चलते चंबल घड़ियाल्स मध्य प्रदेश लीग टी-20 सिंधिया कप के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। उसने अभी तक खेले अपने सभी चार मैच जीते हैं। सोमवार को भी घड़ियाल्स ने बुंदेलखंड बुल्स के साथ खेले मैच में छह विकेट से आसान जीत दर्ज कर ली।

अब देखना यह है कि 13 जून को होलकर स्टेडियम में होने वाले फाइनल में बुंदेलखंड बुल्स, ग्वालियर शेरनीज और रायल निमाड़ ईगल्स में से कौन सी टीम चंबल घड़ियाल्स का सामना करेगी। नईदुनिया इस एमपीएल 2026 का मीडिया पार्टनर है।

डेली कॉलेज पर खेले गए इस मुकाबले में बुंदेलखंड बुल्स ने 20 ओवरों में नौ विकेट पर 102 बनाए। जवाब में चंबल घड़ियाल्स ने 16.2 ओवरों में चार विकेट पर 108 रन बनाकर मैच जीत लिया। घड़ियाल्स ने टास जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, उसके गेंदबाजों ने बुंदेलखंड बुल्स के शरुआती विकेट लेते हुए बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। बुंदेलखंड ने शुरुआती 10 ओवरों में महज 32 रनों पर पांच महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए थे।

यशस्विनी बोहारे खाता भी नहीं खोल सके। ख्याति जैन (8), सुहानी शर्मा (9), प्रांजलि दुबे (4) और पायल बाल्मिक (3) दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सकीं। लग रहा था कि टीम 50 रन भी नहीं बना सकेगी। अनन्या दुबे (38) और माही ठाकुर (नाबाद 30) ने टीम को इस मुश्किल परिस्थिति से निकाला।

दोनों ने विपक्षी गेंदबाजों का संभलकर सामना करते हुए छठे विकेट के लिए 67 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। तेजी से बढ़ रही इस साझेदारी को वैष्णवी सिंह ने तोड़ दिया। अनन्या ने 32 गेंदों पर 38 रन बनाए। इस साझेदारी के टूटने के बाद घड़ियाल्स ने फिर से मैच पर पकड़ बना ली और उसके गेंदवाजों ने तीन और विकेट झटके। अंतत: बुंदेलखंड टीम नौ विकेट पर 102 रन ही बना सकी। घड़ियाल्स की गेंदबाज अनामिका रघुवंशी ने चार ओवरों में एक मेडन फेंकते हुए 11 रन देकर तीन विकेट झटके। धानी बुचड़े ने 17 रन देकर दो विकेट लिए। जबकि अदिती पवार व वैष्णवी सिंह ने एक-एक विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी घड़ियाल्स टीम को एक बार फिर सलामी बल्लेबाजों कनिष्का ठाकुर और जिंसी जार्ज ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 39 रनों की साझेदारी की। कनिष्का पावर प्ले की अंतिम गेंद पर आउट हुईं। उन्होंने 18 गेंदों पर 23 रनों की पारी खेली और इस पारी के साथ ही आरेंज कैप उनके सिर पर आ गई। लेकिन बुंदेलखंड की गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेते हुए मैच का रोमांच बढ़ा दिया और घड़ियाल्स का स्कोर 80 रनों पर चार विकेट हो गया। सितारा खिलाड़ी पूजा वस्त्रकार ने 16 गेंदों पर 20 रनों की पारी खेली। इसके बाद राहिला फिरदौस और अनामिका रघुवंशी ने समझदारी से खेलते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। राहिला ने 24 गेंदों पर नाबाद 28 रन जबकि अनामिका ने 10 गेंदों पर नाबाद 13 रनों की पारी खेलते हुए टीम को एक और जीत दिला दी।