पिंक पैथर्स का जीत से आगाज, मालवा स्टैलियंस पर 31 रन की जीत

पिंक पैथर्स का जीत से आगाज, मालवा स्टैलियंस पर 31 रन की जीत

पिंक पैथर्स का जीत से आगाज, मालवा स्टैलियंस पर 31 रन की जीत

इंदौर। आईपीएल चैंपियन रायल चैलेंजर्स बेंगलोर के सितारा खिलाड़ी वेंकटेश अय्यर और सारांश सुराना के अर्धशतकों के अलावा बल्लेबाजों की ताबड़तोड़ पारियों की बदौलत इंदौर पिंक पैथर्स ने मध्य प्रदेश लीग टी-20 सिंधिया कप 2026 के मुकाबले में मालवा स्टैलियंस को 31 रनों हराने के साथ ही टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज कर ली।

इंदौर पिंक पैंथर्स ने पांच विकेट पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने के बाद मालवा की टीम को नौ विकेट पर 198 रनों पर रोकते हुए जीत का खाता खोला। नईदुनिया इस एमपीएल 2026 का मीडिया पार्टनर है। सोमवार को होलकर स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने जबर्दस्त बल्लेबाजी का नजारा देखा।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंदौर पिंक पैंथर्स ने सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ पाटीदार (दो) को सस्ते में गंवा दिया। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज अथर्व जोशी और करण टहलियानी ने 44 रनों की साझेदारी की। जोशी ने 20 गेंदों पर 45 रनों की पारी खेली। वहीं दूसरे छोर पर टहलियानी ने दूसरा छोर थामे रखा और अर्धशतक पूरा किया।
अय्यर ने 6 छक्कों और एक चौके से बनाए रन

बीच के ओवरों में उपयोगी साझेदारियों ने टीम को 15वें ओवर तक 131/4 के स्कोर तक पहुंचा दिया था। यहीं से कप्तान वेंकटेश अय्यर और सारांश सुराना एकसाथ आए और पूरे मैच का नक्शा ही बदल दिया। दोनों ने विपक्षी गेंदबाजों पर प्रहार शुरू किए और कई दर्शनीय शाट्स खेले। अय्यर ने मात्र 22गेंदों पर छह छक्कों और एक चौके से 54 रन बनाए। जबकि सुराना 17 गेंदों पर पांच छक्कों व तीन चौकों से 50 रन बनाकर नाबाद रहे।
सचिन विश्वकर्मा ने बनाए 47 रन

मालवा के कप्तान आशुतोष शर्मा सबसे किफायती गेंदबाज रहे और उन्होंने 32 रन देकर एक विकेट लिया। विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मालवा टीम को पहला झटका जल्द ही लगा। रोशन केवट ने आर्यन देशमुख (10) को शिकार बनाया। अंश यादव और सचिन विश्वकर्मा ने 55 रनों की साझेदारी की। अंश ने 19 गेंदों पर 31 रन जबकि विश्वकर्मा ने 32 गेंदों पर 47 रनों का योगदान दिया।
मालवा टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी

इसके बाद पैंथर्स के गेंदबाजों ने जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए लगातार अंतराल में विकेट हासिल करते रहे और स्कोर सात विकेट पर 144 रन हो चुका था। पार्थ साहनी ने मालवा के लिए संघर्ष जारी रखा और कई दर्शनीय शाट्स खेलते हुए दर्शकों का मनोरंजन किया। उन्होंने 28 गेंदों पर 54 रन बनाए। रनों का अंतर ज्यादा होने से मालवा लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। शिवम शुक्ला पिंक पैंथर्स के लिए सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने पांच विकेट हासिल किए।