बायलर फटते ही धधकी फैक्ट्री, मजदूरों ने बचाई जान

बायलर फटते ही धधकी फैक्ट्री, मजदूरों ने बचाई जान

बायलर फटते ही धधकी फैक्ट्री, मजदूरों ने बचाई जान

कोरबा। जिले के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को बॉयलर में हुए तेज धमाके के बाद भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे मजदूरों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। विस्फोट के बाद कुछ ही पलों में आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

ऊंची लपटों के साथ उठता काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक ट्रक भी आ गई, जिससे आग और तेजी से फैल गई।

राहत-बचाव अमला घटनास्थल पर पहुंचा

सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी तथा अन्य विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। कई दमकल वाहन लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

मजदूर सुरक्षित, आग पर नियंत्रण के प्रयास

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि घटना में फैक्ट्री के सभी मजदूर सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द नियंत्रण पाने की है ताकि किसी प्रकार का बड़ा नुकसान न हो। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने घटनास्थल के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह सील कर दिया है। आम लोगों के प्रवेश और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रोक रखा है, जबकि दमकल और राहत दलों के लिए मार्ग पूरी तरह खाली कराया गया है।

दुर्घटनास्थल पर लगा जमावड़ा

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए। दूर-दूर से लोग धुएं का गुबार और आग की लपटें देखने के लिए एकत्र हो गए, जिससे मौके पर भारी भीड़ लग गई। पुलिस लगातार लोगों को सुरक्षा घेरे से दूर रहने की समझाइश दे रही है और पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में बॉयलर में विस्फोट के बाद आग लगने की बात सामने आई है।