NYT का बड़ा दावा: चुनाव के बाद ईरान पर हमला कर सकते हैं अमेरिका और इस्राइल
NYT का बड़ा दावा: चुनाव के बाद ईरान पर हमला कर सकते हैं अमेरिका और इस्राइल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका ईरान के साथ बातचीत नहीं कर रहा है, लेकिन बहुत जल्द कुछ होने वाला है। इसी बीच एक अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका और इस्राइल ने मध्यावधि चुनाव के बाद ईरान पर फिर से हमले की योजना बनाई है।
ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी समाचार नेटवर्क ‘न्यूजनेशन’ की व्हाइट हाउस संवाददाता लिब्बी डीन ने जब ट्रंप से तेहरान के साथ बातचीत के बारे में पूछा, तो उन्होंने कुछ हलचल की बात मानी, लेकिन संकेत दिया कि नतीजा अभी अनिश्चित है।
बातचीत चल रही है या नहीं, इस सवाल पर ट्रंप ने पहले कहा, “थोड़ी-बहुत, लेकिन देखते हैं आगे क्या होता है।” बातचीत खत्म होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि अभी बातचीत हो रही है, लेकिन किसी न किसी तरह कुछ जरूर होगा और यह बहुत जल्द होगा।
ट्रंप ने यह भी कहा कि ज्यादातर लोगों को लगता है कि घटनाक्रम अमेरिकी चुनाव के बाद दिखेंगे।
ट्रंप ने अपनी तारीफ क्यों की?
ट्रंप ने ईरान के प्रति अपने प्रशासन के रुख की तारीफ की और कहा कि इस मामले में जो किया गया है, वह कमाल का है। उन्होंने वाशिंगटन और तेहरान की स्थिति को एक तरह का छोटा-मोटा टकराव बताया। उनके मुताबिक अमेरिका सैन्य और आर्थिक दोनों मोर्चों पर अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। ट्रंप का यह भी कहना था कि अमेरिकी प्रतिबंधों ने वहां चल रहे असली समझौते को खत्म कर दिया है।
NYT की रिपोर्ट में क्या दावा किया गया?
यह बयान ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की उस रिपोर्ट के बीच आया है, जिसमें कहा गया है कि अमेरिका और इस्राइल ने अमेरिकी मध्यावधि चुनावों के बाद ईरान पर फिर हमले की योजना तैयार कर ली है।
रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों की सेनाओं ने ईरान के ऊर्जा बुनियादी ढांचे, परमाणु सुविधाओं और मिसाइल व ड्रोन भंडार को निशाना बनाने के लिए एक छोटे लेकिन तीव्र अभियान की विशेष योजनाएं बनाई हैं। अमेरिकी अधिकारियों और चर्चा की जानकारी रखने वाले अन्य लोगों के हवाले से कहा गया है कि दोनों सेनाओं ने अभ्यास तेज कर दिया है, जिसमें हमले की रणनीति के अभ्यास के लिए इराक के ऊपर विमान उड़ाना भी शामिल है। इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तेहरान ने क्या प्रतिक्रिया दी?
ईरान ने चेतावनी दी है कि किसी भी नई सैन्य कार्रवाई का वह जवाब देगा। ईरान के सरकारी मीडिया ‘स्टूडेंट न्यूज नेटवर्क’ (एसएनएन) के अनुसार, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने कहा कि अमेरिका के पास ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ है, तो ईरान उन्हें ‘फादर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ दिखाएगा, जो उनके लिए कुछ नया होगा।
तेहरान ने इस हथियार के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है और न ही यह साफ किया है कि धमकी का असल मतलब क्या है।
यह चेतावनी उन रिपोर्टों के बाद आई है, जिनमें कहा गया था कि ट्रंप ने ईरान में बहुत गहराई पर स्थित ‘पिकएक्स माउंटेन’ परमाणु सुविधा के खिलाफ 22,000 पाउंड के GBU-43/B ‘मैसिव ऑर्डनेंस एयर ब्लास्ट’ (MOAB) के इस्तेमाल पर विचार किया था। इसी बम को ‘मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स’ कहा जाता है।








