रायपुर में बम सामग्री मिलने से मचा हड़कंप
रायपुर में बम सामग्री मिलने से मचा हड़कंप
रायपुर । राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध रॉ मटेरियल, तार और अन्य सामान मिला है। सूचना मिलते ही रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक की टीम वार्ड नंबर-13 पहुंची।
मौके पर डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर भी पहुंचे है। संदिग्ध बैग से पुलिस ने बैटरी, वायर, एयरगन, कैमिकल 2 बोतल और डेटोनेटर नुमा सामान जब्त किया है। डीसीपी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि संदिग्ध सामान मिलने के बाद जांच शुरू की गई है। पूरे मामलें का खुलासा जल्द किया जाएगा।
संदिग्ध सामान मिलने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों को इलाके से दूर रहने की हिदायत दी है। जिस मकान में संदिग्ध सामान बरामद हुआ, वो मितानिन का बताया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा इलाके में मिताननि पुष्पा साहू का मकान है। पुष्पा साहू और उसके परिवार का बीरगांव निवासी विनय देवांगन से परिचय है।
बुधवार की शाम को विनय देवांगन मितानिन के घर एक बैग लेकर पहुंचा था। बैग उसके घर में रखकर बाद में ले जाने की बात कही और वहां से चला गया। मितानिन को शक हुआ, तो उसने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी। अश्वनी यादव रात को मितानिन के घर पहुंचा और सुबह आने की बात बोलकर वहां से रवाना हो गया।
बुधवार की सुबह आठ बजे वार्ड पार्षद स्थानीय रहवासियों के साथ पहुंचा और बैग खोलकर जांच की तो उसमें एयर गन और देशी बम बनाने का सामान मिला। पार्षद ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद नॉर्थ जोन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु की है। मामलें पुलिस अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। जिस विनय देवांगन का सामान बताया जा रहा है, वो कांग्रेस नेता का साला बताया जा रहा है। पुलिस विनय देवांगन से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।
मौके पर पहुंचे बम स्क्वॉड ने संदिग्ध सामग्री की जांच की। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। घर में मौजूद लोगों से पुलिस अधिकारी पूछताछ कर रहे है।







