स्कूल में वाहन लाने वाले नाबालिगों पर शिकंजा, 59 गाड़ियां जब्त
स्कूल में वाहन लाने वाले नाबालिगों पर शिकंजा, 59 गाड़ियां जब्त
रायपुर। रायपुर यातायात पुलिस ने स्कूल जाने के लिए दोपहिया और अन्य वाहन लेकर पहुंचने वाले नाबालिग छात्रों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। गुरुवार (6 अगस्त) को शहर के 9 प्रमुख स्कूलों के बाहर विशेष जांच अभियान में 59 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए।
सभी वाहनों को जब्त कर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने पर तीन स्कूल वैन और एक स्कूल ऑटो के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 63 वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने पेरेंट्स की काउंसलिंग की और दोबारा बच्चों को वाहन चलाने देने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
इन स्कूलों के बाहर चला विशेष अभियान
यातायात पुलिस उप महानिरीक्षक (डीसीपी) डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में रेयान स्कूल (अवंती विहार), द्रोणाचार्य स्कूल (राजेंद्र नगर), ब्रह्मविद स्कूल (भाटागांव), केपीएस स्कूल (सरोना), केंद्रीय विद्यालय (डब्ल्यूआरएस कॉलोनी), विंध्य पब्लिक स्कूल (गुढ़ियारी), एमजीएम स्कूल (गायत्री नगर), देशबंधु स्कूल (गुरु नानक चौक) और होली हार्ट स्कूल (सिविल लाइन) के बाहर सघन जांच की गई।
पेरेंट्स की हुई काउंसलिंग
कार्रवाई के बाद सभी नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को यातायात सभागार बुलाकर काउंसलिंग की गई। एसीपी ट्रैफिक स्नेहिल साहू और सीमा अहिरवार ने बताया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानून का उल्लंघन है।
पेरेंट्स को भविष्य में बच्चों को वाहन न देने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइश दी गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा नाबालिग वाहन चलाते पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एक नजर में कार्रवाई
59 नाबालिग वाहन चालक पकड़े गए
03 स्कूल वैन और 01 स्कूल ऑटो पर कार्रवाई
63 वाहनों के खिलाफ गुरुवार को कार्रवाई
340 वाहनों पर अब तक एक्शन
269 नाबालिग वाहन चालक और 71 स्कूल ऑटो पर कार्रवाई
दोबारा पकड़े जाने पर धारा 199(ए) के तहत होगी सख्त वैधानिक कार्रवाई
लगातार जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस के अनुसार स्कूलों के बाहर चल रहे इस विशेष अभियान के तहत अब तक 340 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 269 नाबालिग वाहन चालक और 71 स्कूल ऑटो शामिल हैं।
पुलिस ने सभी पेरेंट्स से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नाबालिग बच्चों को दोपहिया या अन्य मोटर वाहन चलाने की अनुमति न दें।








