होन्हेड़ वॉटरफॉल में उमड़ी सैलानियों की भीड़
होन्हेड़ वॉटरफॉल में उमड़ी सैलानियों की भीड़
केशकाल(बस्तर)। कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत स्थित होनहेड (होन्हेड़) जलप्रपात इन दिनों अच्छी बारिश के बाद अपने पूरे शबाब पर है। लगभग 80 फीट ऊंचाई से गिरती जलधारा का मनमोहक दृश्य पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। लगातार हो रही बारिश से जलप्रपात का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे इसकी प्राकृतिक सुंदरता और भी निखर गई है।
रोमांच का अलग ही अनुभव कराते हैं
घने जंगलों और विशाल चट्टानों के बीच स्थित बारहमासी कटुलकासा जलप्रपात तक पहुंचने के लिए होनहेड ग्राम पंचायत से लगभग एक किलोमीटर जंगल के रास्ते पैदल जाना पड़ता है। रास्ते भर फैली हरियाली और प्राकृतिक वातावरण पर्यटकों को रोमांच का अलग ही अनुभव कराते हैं।
स्थानीय और बाहरी पर्यटक यहां पहुंच रहे
मानसून के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय और बाहरी पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटक जलप्रपात के मनोहारी दृश्य का आनंद लेने के साथ-साथ फोटोग्राफी कर प्रकृति की खूबसूरती को अपने कैमरे में कैद कर रहे हैं।
जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें
अपने मित्रों के साथ होनहेड जलप्रपात घूमने पहुंचे नीरज अग्निहोत्री ने कहा कि यदि इस पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पेयजल, पार्किंग और मार्गदर्शन संबंधी संकेतक विकसित किए जाएं, तो होनहेड जलप्रपात क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकता है। वहीं प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जलप्रपात के समीप सावधानी बरतें और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।








