ग्वालियर की बेटी वैदेही ने एशियन जूनियर टेनिस में बढ़ाया देश का मान
ग्वालियर की बेटी वैदेही ने एशियन जूनियर टेनिस में बढ़ाया देश का मान
ग्वालियर। ग्वालियर की युवा टेनिस खिलाड़ी वैदेही शिंदे ने असम के जोरहाट में आयोजित एशियन जूनियर अंडर-16 टेनिस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगल्स और डबल्स दोनों वर्गों में उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता 11 से 15 मई तक आयोजित हुई।
ग्वालियर चंबल टेनिस एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक विकास पांडेय ने बताया कि वैदेही ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और लगातार दमदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।
सिंगल्स मुकाबलों में वैदेही ने पहले दौर में देवांशी तामूल्य को 6-1, 6-1 से हराया। प्री-क्वार्टर फाइनल में नईम हुसैन को 6-2, 6-1 से मात दी। इसके बाद क्वार्टर फाइनल में नंदिता दत्ता को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-0 से पराजित किया। सेमीफाइनल में संरचना दास के खिलाफ संघर्षपूर्ण मुकाबले में 6-1, 7-6 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि खिताबी मुकाबले में उन्हें नियशा एंजा के खिलाफ 3-6, 1-6 से हार का सामना करना पड़ा और वे उपविजेता रहीं।
डबल्स वर्ग में भी वैदेही ने अपनी जोड़ीदार अवनी पूनागंती के साथ शानदार तालमेल दिखाया। क्वार्टर फाइनल में शौर्या पाटिल और अरनवी देवनाथ की जोड़ी को 6-4, 6-1 से हराया। सेमीफाइनल में संस्कृति सौरभ और आरिया चौधरी को 6-3, 6-1 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में नियशा एंजा और वी. बुक्कापुरम की जोड़ी के खिलाफ 3-6, 2-6 से हार के बाद वैदेही-अवनी की जोड़ी को उपविजेता से संतोष करना पड़ा।
वैदेही की इस उपलब्धि पर ग्वालियर चंबल टेनिस एसोसिएशन के सचिव एवं विक्रम अवॉर्डी अनुराग ठाकुर सहित खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।







