बिरगांव में नाली में मिला नवजात का शव

बिरगांव में नाली में मिला नवजात का शव

बिरगांव में नाली में मिला नवजात का शव

रायपुर। रायपुर के बिरगांव नगर पालिक निगम इलाके में गुरुवार सुबह नाली में एक नवजात शिशु का शव मिला। मामला उरला थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 24 का है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह कुछ राहगीरों ने नाली में कपड़े में लिपटा नवजात देखा। करीब जाकर देखने पर पता चला कि नवजात की मौत हो चुकी है। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। उरला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि, किसी ने जन्म के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया। हालांकि, बच्चा मृत पैदा हुआ था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही इलाके के अस्पतालों, क्लीनिक और दाइयों से भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि नवजात को यहां कौन छोड़कर गया?

इससे 6 महीने पहले रायपुर के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल परिसर यानि मेकाहारा के कचरे डिब्बे में पुलिस को भ्रूण मिला था। इस भ्रूण को दो महिला और दो पुरुषों ने अस्पताल आकर अलसुबह फेका था।

चारों आरोपी दो अलग-अलग स्कूटी से पहुंचे थे और इनमें से कुछ लोगों ने बुर्का पहना हुआ था। आरोपियों का फुटेज होने के बाद भी पुलिस इन आरोपियों की आज तक तलाश नहीं कर पाई है।