कंकाली पारा तालाब में युवक की लाश मिलने से इलाके में दहशत
कंकाली पारा तालाब में युवक की लाश मिलने से इलाके में दहशत
रायपुर के कंकाली पारा तालाब में शनिवार को एक युवक की लाश मिली है। सुबह मंदिर दर्शन करने गए लोगों ने तालाब किनारे शव तैरते देखा। पुलिस की मौजूदगी में शव को तालाब से बाहर निकला गया घटना पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे कुछ लोग मंदिर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब में तैरते एक शव पर पड़ी। पहले लोगों को समझ नहीं आया, लेकिन पास जाकर देखने पर युवक का शव होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई की।
मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शरीर पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं।मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को मेकाहारा अस्पताल भेज दिया है।
पुरानी बस्ती पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट की जांच की जा रही है। साथ ही तालाब और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता चल सके।







