13 अक्टूबर को किशोर के सुरों से गूंजेगा खंडवा

13 अक्टूबर को किशोर के सुरों से गूंजेगा खंडवा

13 अक्टूबर को किशोर के सुरों से गूंजेगा खंडवा

मुंबई । किशोर कुमार की पुण्यतिथि के मौके पर उनके जन्मस्थान खंडवा एक बार फिर किशोर दा के गीतों से गूंजेगी। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से 12 और 13 अक्टूबर को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है। इस दौरान राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान और संगीत संध्या का आयोजन होगा।

इस साल राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान के लिए अनुपम खेर के नाम पर चर्चा चल रही है। हालांकि, सम्मान के लिए कलाकार के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है।

13 अक्टूबर को होगा राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह

कार्यक्रम के तहत 12 अक्टूबर को संगीत से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जबकि 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय किशोर कुमार सम्मान समारोह होगा।

किशोर कुमार की स्मृति में मध्यप्रदेश सरकार लंबे समय से यह प्रतिष्ठित सम्मान देती आ रही है। फिल्म जगत में अभिनय, निर्देशन, पटकथा लेखन और गीत लेखन समेत अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को इस सम्मान से नवाजा जाता रहा है।

इस बार कार्यक्रम की तैयारियां जारी हैं। आयोजन स्थल को लेकर भी अभी अंतिम निर्णय किया जा रहा है। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश सरकार के धर्मस्य, संस्कृति एवं जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के भी शामिल होने की जानकारी है।

किशोर नाइट में सुदेश भोसले देंगे गीतों की प्रस्तुति

किशोर कुमार की पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित किशोर नाइट में मशहूर गायक सुदेश भोसले अपनी आर्केस्ट्रा टीम के साथ प्रस्तुति देंगे। सुदेश भोसले किशोर कुमार के लोकप्रिय और सदाबहार गीतों को अपनी आवाज में पेश करेंगे। ऐसे में खंडवा में किशोर दा की यादों से जुड़ी संगीत से भरी शाम देखने को मिलेगी।

समाधि स्थल पर भी होगी श्रद्धांजलि

किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच और नगर निगम प्रशासन की ओर से हर साल की तरह इस बार भी किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

सुबह 9 बजे से 11 बजे तक होने वाले इस कार्यक्रम में गीत-संगीत के जरिए किशोर कुमार को याद किया जाएगा।

किशोर कुमार के लिए खंडवा सिर्फ जन्मस्थली नहीं, बल्कि उनकी पहचान और यादों से जुड़ा शहर है। ऐसे में हर साल उनकी पुण्यतिथि पर होने वाले कार्यक्रमों में देशभर से उनके प्रशंसक और संगीत प्रेमी शामिल होते हैं।