रायपुर की ज्वेलरी शॉप में चालाकी: ट्राई किए 5 लाख के गहने और हो गई फरार
रायपुर की ज्वेलरी शॉप में चालाकी: ट्राई किए 5 लाख के गहने और हो गई फरार
रायपुर: राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान से करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। महिला ग्राहक बनकर दुकान में पहुंची और जेवर ट्राई करने के बहाने उन्हें पहन लिया।
इसके बाद सहेली को बुलाने की बात कहकर बाहर निकली और फरार हो गई। घटना के दौरान उसके साथ आया युवक भी भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे दुकान संचालक और कर्मचारियों ने पकड़ लिया। पुलिस ने महिला समेत दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार कुशालपुर तिरंगा चौक निवासी दुर्गा सोनी की देवपुरी स्थित सतनाम चौक में मां दुर्गा ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 12 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3.30 बजे एक युवक और युवती दुकान पर पहुंचे और सोने का रानी हार खरीदने की बात कही।
उस समय दुकान पर दुर्गा सोनी का बेटा पंकज सोनी मौजूद था। पंकज ने फोन कर अपने पिता को रानी हार लाने के लिए कहा। इसके बाद दुर्गा सोनी अपने एक परिचित के साथ दूसरी ज्वेलरी दुकान से रानी हार लेकर पहुंचे और महिला को दिखाया।
खरीदारी के दौरान महिला ने एक-एक कर कई जेवर ट्राय करने के नाम पर पहन लिए। इसमें सोने का रानी हार (3.45 लाख रुपये), सोने की चांद बाली की जोड़ी (1.08 लाख रुपये), सोने की अंगूठी (19,500 रुपये), चांदी की पायल की जोड़ी (16,200 रुपये) और तीन जोड़ी बिछिया (4,300 रुपये) शामिल थे। इन सभी जेवरों की कुल कीमत करीब 4.93 लाख रुपये बताई गई है।
कुछ देर बाद महिला ने कहा कि उसकी एक सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी रानी हार खरीदेगी। यह कहकर वह फोन पर बात करते हुए दुकान से बाहर निकल गई। काफी देर तक वापस नहीं आने पर उसके साथ आए युवक से संपर्क किया गया। युवक ने महिला को फोन लगाया तो उसने खुद को पास की गली में बताते हुए पांच मिनट में आने की बात कही, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया।
इसी बीच युवक भी चुपके से दुकान से निकलने की कोशिश करने लगा। संदेह होने पर दुकान संचालक और कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। घटना की शिकायत टिकरापारा थाना में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।







