45,000 का टिकट... फिर भी मेसी की झलक नहीं, आगबबूला फैंस ने कुर्सियां तोड़ी-बोतलें फेंकी

45,000 का टिकट... फिर भी मेसी की झलक नहीं, आगबबूला फैंस ने कुर्सियां तोड़ी-बोतलें फेंकी

45,000 का टिकट... फिर भी मेसी की झलक नहीं, आगबबूला फैंस ने कुर्सियां तोड़ी-बोतलें फेंकी

नई दिल्ली । फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के भारत दौरे की शुरुआत कोलकाता से हुई, लेकिन सॉल्ट लेक (युवभारती) स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम ने फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

महंगे टिकट खरीदने के बावजूद मेसी को न देख पाने से नाराज दर्शकों ने जमकर हंगामा किया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि स्टेडियम के अंदर कुर्सियां तोड़ी गईं और पानी की बोतलें मैदान में फेंकी गईं।

कोलकाता एयरपोर्ट से लेकर स्टेडियम तक मेसी की एक झलक पाने के लिए फैंस की भारी भीड़ जुटी थी। सॉल्ट लेक स्टेडियम में भी हजारों दर्शक पहुंचे, लेकिन कार्यक्रम के दौरान मेसी को बेहद कम समय के लिए और कड़े सुरक्षा घेरे में रखा गया। इससे आम दर्शक अपने पसंदीदा खिलाड़ी को ठीक से देख ही नहीं पाए।
‘पूरा इवेंट बकवास था’

एक नाराज फैन ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “यह इवेंट पूरी तरह बकवास था। मेसी सिर्फ 10 मिनट के लिए आए। वीवीआईपी लोग उन्हें घेरे रहे, हम देख तक नहीं पाए। न उन्होंने किक मारी, न पेनाल्टी ली। कहा गया था कि शाहरुख खान भी आएंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। हमारा पैसा और भावनाएं दोनों बर्बाद हो गईं।”

स्थिति बेकाबू, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

गुस्साए दर्शकों ने गैलरी की कुर्सियां तोड़कर मैदान में फेंक दीं। कुछ लोगों ने बाड़ के गेट तोड़कर मैदान में घुसने की कोशिश की। हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। सुरक्षा हालात बिगड़ते देख मेसी को तय समय से पहले ही स्टेडियम से बाहर ले जाया गया। कार्यक्रम में शामिल होने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी बीच रास्ते से लौट गईं।
वीवीआईपी कल्चर पर उठे सवाल

दर्शकों का आरोप है कि करीब 100 लोगों ने मेसी को चारों ओर से घेर रखा था, जिससे आम फैंस उन्हें देख नहीं सके। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि खेल मंत्री अरूप बिस्वास और अन्य वीवीआईपी सेल्फी लेने में व्यस्त थे, जिस वजह से मेसी आम जनता से दूर रहे।
हजारों में बिके थे टिकट

इस कार्यक्रम के टिकट बेहद महंगे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक टिकट की कीमत 5 हजार से लेकर 45 हजार रुपये तक थी। इतना पैसा खर्च करने के बावजूद जब फैंस को मेसी की एक झलक तक नहीं मिली, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा और स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई।
ममता बनर्जी ने मांगी माफी

ममता बनर्जी ने एक पोस्ट करते हुए कहा कि सॉल्ट लेक स्टेडियम में आज हुई अव्यवस्था से मैं बहुत दुखी और हैरान हूं। मैं हजारों खेल प्रेमियों और फैंस के साथ इवेंट में शामिल होने के लिए स्टेडियम जा रही थी, जो अपने पसंदीदा फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की एक झलक पाने के लिए इकट्ठा हुए थे। मैं इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए लियोनेल मेस्सी के साथ-साथ सभी खेल प्रेमियों और उनके फैंस से दिल से माफी मांगती हूं।

मैं जस्टिस (रिटायर्ड) असीम कुमार रे की अध्यक्षता में एक जांच समिति बना रही हूं, जिसमें मुख्य सचिव और अतिरिक्त मुख्य सचिव, गृह और पहाड़ी मामले विभाग, सदस्य होंगे। यह समिति घटना की विस्तृत जांच करेगी, जिम्मेदारी तय करेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के उपाय सुझाएगी। एक बार फिर, मैं सभी खेल प्रेमियों से दिल से माफी मांगती हूं।