सट्टा नेटवर्क का फरार आरोपी VIDEO में दिखा
सट्टा नेटवर्क का फरार आरोपी VIDEO में दिखा
रायपुर। ऑनलाइन बैटिंग साइट्स Gold777.com, Silverbet777.club, JMDBet777.com, AllpaneleXch9.co और Diamond Book की मदद से रायपुर में सट्टा खिलाने वाले नमन-आयुष सिंडिकेट का तेलीबांधा पुलिस ने मई 2026 में खुलासा किया था। पुलिस ने सिंडिकेट के मास्टरमाइंड नमन जग्गी समेत 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
मामले में सिंडिकेट से जुड़े 12 आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। इसी बीच पुलिस की गिरफ्त से फरार आरोपी सागर आडवानी का बर्थडे पार्टी मनाते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद तेलीबांधा पुलिस ने सिंडिकेट से जुड़े सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।
सट्टा सिंडिकेट के बारे में जानिए
5 मई की रात 36 मॉल के पास कार में सवार नमन जग्गी IPL मैच पर पैसे लगवाकर ऑनलाइन सट्टा खिलवा रहा था। पुलिस को इसकी सूचना मिली, जिसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर पता चला कि वह Gold777.com नाम की ऑनलाइन बैटिंग साइट की आईडी से सट्टा संचालित कर रहा था। इसी आईडी के जरिए राजेंद्र नगर निवासी आयुष जैन और गोलबाजार निवासी मोहम्मद सरफराज मामदानी भी सट्टा खिलवा रहे थे।
पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। सिंडिकेट की जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों से कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सिंडिकेट के लिए काम करने वाले 12 अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। ये सभी आरोपी फरार हैं और पुलिस पिछले तीन महीने से उनकी तलाश कर रही है।

सिंडिकेट के इन आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
नमन जग्गी, आयुष जैन, सरफराज मामदानी, अंकित राकेश अग्रवाल, लिकेश्वर साहू, लखन थावरानी, आकाश सिंह राजपूत, निशात हसीजा, प्रदीप पटेल, हितेश दलवानी, सुबोधराम, राहुल शुक्ला, अमन नथानी और राम लालवानी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
सिंडिकेट के ये सदस्य पुलिस की गिरफ्त से दूर
मोहसीन खान, गोलू, बीबी एनजीपी, सागर आडवानी, गोलू अलमास, चंदन, अंकित, सौरभ जैन, बाबू गावली, जयेश भैया, अमित और राज गुप्ता अभी फरार हैं। पुलिस इनकी तलाश कर रही है।

पुलिस बोली- जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे फरार आरोपी
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि सट्टा सिंडिकेट मामले में विवेचना जारी है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वायरल वीडियो में दिख रहे युवक समेत केस से जुड़े सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।








