रायपुर नहर में युवक की लाश, पुलिस ने शुरू की जांच
रायपुर नहर में युवक की लाश, पुलिस ने शुरू की जांच
रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र के ग्राम तोता के पास बुधवार सुबह नहर में एक अज्ञात युवक की लाश मिली है। घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने नहर में शव को तैरता हुआ देखा।
जिसके बाद तत्काल पुलिस को जानकारी दी गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
आरंग पुलिस के अनुसार, सुबह 10 बजे ग्रामीणों ने नहर में शव देखे जाने की सूचना दी थी। पुलिस ने शव को नहर से निकालकर पीएम के लिए भेजा है। मृतक की उम्र 35 वर्ष है। हालांकि, उसके पास से किसी प्रकार का पहचान पत्र या ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। शव की स्थिति को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत कुछ समय पहले हुई है।
पुलिस ने मौके का मुआयना कर आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। शुरुआती जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, जिसके चलते पुलिस हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। यदि रिपोर्ट में किसी प्रकार की चोट या संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है, तो आगे की कार्रवाई उसी आधार पर की जाएगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात शव की शिनाख्त और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।







