छत्तीसगढ़ हॉकी लीग शुरू, पहला मैच आज

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग शुरू, पहला मैच आज

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग शुरू, पहला मैच आज

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (सीएचएल) के पहले सीजन के दो मुकाबले आज शाम को सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होंगे। पहले महिला टीमों के बीच एग्जीबिशन मैच होगा।

इसके बाद रात 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच लीग का पहला मुकाबला खेला जाएगा। प्रदेश में पहली बार हो रही इस फ्रेंचाइजी आधारित हॉकी लीग में छह टीमें खिताब के लिए उतरेंगी।

पहले मैच में राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स की टक्कर

लीग का पहला मुकाबला शाम 7:30 बजे राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच होगा। दोनों टीमें जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी। इससे पहले शाम 5:30 बजे महिला टीमों के बीच एग्जीबिशन मैच खेला जाएगा।

इसके जरिए दर्शकों को पुरुषों के लीग मुकाबले से पहले महिला हॉकी देखने का मौका मिलेगा। लीग में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस और मैनपाट टाइटंस शामिल हैं।

सभी टीमों में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के साथ दूसरे राज्यों के अनुभवी खिलाड़ियों को भी जगह दी गई है।

छह टीमें, 132 खिलाड़ी मैदान पर दिखाएंगे दम

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग कर रहा है। टूर्नामेंट में छह टीमों के कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। हर टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। इनमें छत्तीसगढ़ के 18 खिलाड़ी और राज्य के बाहर के चार राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं।

लीग के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के जरिए किया गया है। इसका मकसद प्रदेश के उभरते हॉकी खिलाड़ियों को बेहतर मुकाबलों का अनुभव देना और उन्हें आगे राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के मौके उपलब्ध कराना है।

लीग में भारतीय हॉकी के कई अनुभवी खिलाड़ी भी खेलते नजर आएंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंग्लेनसाना सिंह कांगुजम जैसे नाम शामिल हैं। पूर्व भारतीय कप्तान सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर बनाया गया है।

1 नवंबर को होगा फाइनल

लीग के मुकाबले 22 से 29 अक्टूबर तक खेले जाएंगे। 30 अक्टूबर को रेस्ट डे रहेगा। इसके बाद 31 अक्टूबर को सेमीफाइनल होंगे। पहले सेमीफाइनल में अंक तालिका में पहले और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें भिड़ेंगी, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा। फाइनल 1 नवंबर को शाम 7 बजे खेला जाएगा।

लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इसके जरिए प्रदेश में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच देने की कोशिश की जा रही है।