बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: चालक अरबाज की जिंदा जलकर मौत

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: चालक अरबाज की जिंदा जलकर मौत

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: चालक अरबाज की जिंदा जलकर मौत

बलरामपुर: जिले के रामानुजगंज-वाड्रफनगर मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की जिंदा जलकर मौत (Balrampur Accident) हो गई, जबकि ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम महुली के पास सुबह करीब नौ बजे हुआ।

जानकारी के अनुसार एक ट्रक राइस मिल से चावल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। ट्रक को विजयनगर निवासी संतोष गुप्ता (44) चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रेलर से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रेलर में क्लिंकर लोड था और वह कोरबा के दीपिका क्षेत्र से आ रहा था।

टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेलर चालक अरबाज (28) केबिन के अंदर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग की चपेट में आ गया और चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रक का शीशा तोड़कर चालक संतोष गुप्ता को बाहर निकाला। वह भी ट्रक के केबिन में फंसा हुआ था। गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक तौर पर तेज गति को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।