मानसून की एंट्री, बिजली का खतरा; 2 की मौत
मानसून की एंट्री, बिजली का खतरा; 2 की मौत
रायपुर । रायपुर छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों में मानसून की एक्टिविटी और तेज होने के आसार हैं। फिलहाल मानसून प्रदेश के करीब 80% हिस्से को कवर कर चुका है, जबकि मौसम विभाग के अनुसार अगले 3 से 4 दिनों में इसके बाकी क्षेत्रों में एंट्री हो सकती है।
इधर, बलरामपुर जिले के चांदो थाना क्षेत्र के कंदरी गांव में बुधवार शाम बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी दोनों बिजली के चपेट में आ गए।
मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की गई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं, अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ।
मानसून ने अब तक 18 से अधिक जिलों में स्ट्राइक किया है। इनमें मुख्य रूप से रायपुर, दुर्ग, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, दंतेवाड़ा सुकमा, बीजापुर शामिल हैं।








