शहबाज शरीफ ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दे पर भड़काऊ भाषण दिया
शहबाज शरीफ ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दे पर भड़काऊ भाषण दिया
नई दिल्ली । पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक बार फिर कश्मीर मुद्दे पर भड़काऊ बयानबाजी कर भारत के साथ तनाव को हवा दी है। गुरुवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में एक सभा को संबोधित करते हुए शहबाज ने दावा किया कि कश्मीर एक दिन पाकिस्तान का हिस्सा बनेगा। उन्होंने कश्मीर को पाकिस्तान की 'लाइफ लाइन' बताते हुए कहा कि इस्लामाबाद कश्मीरियों के साथ मजबूती से खड़ा है।
शहबाज ने UNSC प्रस्तावों का दिया हवाला
शहबाज ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान खींचने की कोशिश करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर विवाद का समाधान केवल संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) के प्रस्तावों को लागू करके ही संभव है। उन्होंने पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना के बयानों का जिक्र करते हुए कश्मीर के लोगों की इच्छा के अनुसार समाधान की वकालत की।
मई 2025 के संघर्ष का जिक्र किया
अपने संबोधन में शहबाज ने मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए चार दिवसीय सैन्य संघर्ष (ऑपरेशन सिंदूर) को भी याद किया। उन्होंने दावा किया कि इस टकराव के बाद कश्मीर का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर पूरी ताकत के साथ उभर कर सामने आया है।
भारत ने कर दी बोलती बंद
भारत ने शहबाज शरीफ के इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए उनकी बोलती बंद कर दी है। नई दिल्ली ने अपना रुख साफ करते हुए हमेशा की तरह दोहराया है कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख भारत के अभिन्न अंग थे, हैं और हमेशा रहेंगे। भारत ने स्पष्ट किया है कि पाकिस्तान को अपनी आंतरिक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए न कि पड़ोसी देश के आंतरिक मामलों में दखल देना चाहिए।







