चलती ट्रेन में लाखों की चोरी, RPF ने पकड़ा आरोपी
चलती ट्रेन में लाखों की चोरी, RPF ने पकड़ा आरोपी
राजनांदगांव। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए टाटा–इतवारी एक्सप्रेस के एसी कोच में हुई 1.56 लाख रुपये की चोरी का पर्दाफाश किया है। मामले में रायपुर के एक हिस्ट्रीशीटर आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया है।
30 जून को गाड़ी संख्या 18109 टाटा–इतवारी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-2 से एक यात्री का लैपटॉप बैग चोरी होने की शिकायत मिली थी। बैग में लैपटॉप, रेडमी मोबाइल, राडो घड़ी, हार्ड डिस्क, माउस और चार्जर सहित कुल 1.56 लाख रुपये का सामान रखा था।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
शिकायत मिलते ही डोंगरगढ़ आरपीएफ पोस्ट की विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, डोजियर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच शुरू की। फुटेज में संदिग्ध युवक की पहचान होने के बाद टीम ने रायपुर के महोबा बाजार, आमानाका क्षेत्र में दबिश देकर 22 वर्षीय विक्की सहानी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित के कब्जे से 1.20 लाख रुपये का लैपटॉप, 22 हजार रुपये का मोबाइल, राडो घड़ी, हार्ड डिस्क, माउस और चार्जर सहित चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया। मोबाइल के माध्यम से शिकायतकर्ता से सामान की पहचान भी कराई गई।
पहले भी दर्ज हैं कई मामले
जांच में सामने आया कि आरोपित हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से दो आपराधिक मामले और रेलवे संपत्ति अधिनियम के तहत एक प्रकरण दर्ज है। वह रायपुर और बिलासपुर केंद्रीय जेल में अलग-अलग मामलों में सजा भी काट चुका है।
समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
रेलवे सुरक्षा बल ने आरोपित और बरामद सामान को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जीआरपी डोंगरगढ़ के सुपुर्द कर दिया है। जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या लावारिस सामान की जानकारी तत्काल आरपीएफ, टीटीई, रेलवे कर्मचारियों या रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।








