छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा, दंपती और बेटे की मौत

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा, दंपती और बेटे की मौत

छत्तीसगढ़ में दर्दनाक हादसा, दंपती और बेटे की मौत

रायपुर/जशपुरनगर/धमतरी/दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में रविवार और सोमवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसे हुए। जशपुर में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार पति-पत्नी और उनके बेटे को रौंद दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बगीचा-बतौली स्टेट हाईवे पर रविवार शाम करीब 7:30 की है।

हादसे में ग्राम सामरबहार के कोटवार नईहर साय (45), उनकी पत्नी शांति बाई (40) और बेटे वृषानंद साय (18) की मौके पर ही मौत हो गई। नईहर साय पत्नी और बेटे के साथ बेटी के रिश्ते की बात करने ग्राम सरडीह गए थे। शाम को लौटते समय मैनी चौक से करीब 100 मीटर दूर अंबिकापुर रोड पर ट्रेलर ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।

सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। नईहर साय के चार बच्चों में अब 20 और 13 साल की दो बेटियां तथा 10 साल का बेटा बचा है। माता-पिता की मौत से तीनों के सामने परवरिश का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार में सहयोग करने के साथ मुआवजे की मांग की है। पुलिस ट्रेलर चालक की तलाश कर रही है। घटनास्थल पर प्रत्यक्षदर्शी और सीसीटीवी कैमरे नहीं मिलने से बगीचा व बतौली की दुकानों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

धमतरी: दर्शन कर लौट रही पिकअप पलटी, 25 घायल

धमतरी में सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे भटगांव आईटीआई के पास श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलट गई। इसमें सवार 43 लोगों में से 25 घायल हो गए। चार की हालत गंभीर है। बालोद जिले के बोहारा गांव के ग्रामीण गंगरेल माता के दर्शन करने गए थे। वहां से सियादेही जाते समय हादसा हुआ। पिकअप पलटने से पीछे बैठे यात्रियों को ज्यादा चोटें आईं। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं।

दंतेवाड़ा: घाट की चढ़ाई नहीं चढ़ पाई बस, लुढ़क कर पलटी; 20 घायल

दंतेवाड़ा के जारम घाट पर सोमवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी बस चढ़ाई के दौरान पीछे लुढ़ककर पलट गई। हादसे में करीब 20 लोग घायल हो गए। बस में 38 महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे। सभी बालोद जिले के तांबोरा गांव से मां दंतेश्वरी के दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद तीरथगढ़ जलप्रपात जा रहे थे। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।