दोस्त ने शराब पिलाकर महिला से जंगल में की दरिंदगी

दोस्त ने शराब पिलाकर महिला से जंगल में की दरिंदगी

दोस्त ने शराब पिलाकर महिला से जंगल में की दरिंदगी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद का फायदा उठाकर पति के ही एक परिचित ने अपने साथी के साथ मिलकर महिला को हवस का शिकार बनाया। पीड़िता की लिखित शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए बालको थाना पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

खाना बनाने की बात पर हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला के दो बच्चे हैं। 15 मई 2026 की शाम को घर में खाना बनाने की बात को लेकर उसका अपने पति से विवाद हो गया था। पति से नाराज होकर वह उसी वक्त घर से निकल गई और बालको पुल के पास एक सब्जी दुकान के पास जाकर रुक गई। रात अधिक होने पर उसने सुरक्षित स्थान समझकर पास के ही एक मंदिर में शरण ली और रात वहीं बिताई।

मदद के बहाने जाल में फंसाया

अगली सुबह महिला ऑटो पकड़कर बालको पहुंची, जहां उसकी मुलाकात पति के पुराने परिचित जाबिद और उसके साथी निरंजन से हुई। जाबिद का पीड़िता के घर पहले से आना-जाना था, इसलिए महिला ने उस पर भरोसा कर लिया। आरोप है कि जाबिद के कहने पर निरंजन महिला को कुछ देर के लिए अपने घर ले गया। शाम को दोनों आरोपियों ने महिला को सुरक्षित घर छोड़ने का झांसा दिया और उसे अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया।

जंगल ले जाकर किया अनाचार

आरोपी उसे घर छोड़ने के बजाय लालघाट क्षेत्र की तरफ ले गए। सुनसान रास्ते में दोनों ने महिला को डरा-धमकाकर जबरन शराब पिलाई और फिर उसे जंगल के भीतर ले गए, जहाँ एक आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, बाद में वहां दूसरे आरोपी को भी बुला लिया गया था।

आरोपी पहुंचे सलाखों के पीछे

दरिंदगी के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर भाग निकले। पीड़िता ने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी मामी के घर शरण ली और उन्हें पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद 19 मई को उसने बालको थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों, जाबिद और निरंजन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले के अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है।