सेवा की कहानी : सौर ऊर्जा से आसान हुई हर घर स्वच्छ पेयजल की पहुंच

सेवा की कहानी : सौर ऊर्जा से आसान हुई हर घर स्वच्छ पेयजल की पहुंच

सेवा की कहानी : सौर ऊर्जा से आसान हुई हर घर स्वच्छ पेयजल की पहुंच

सेवा संकल्प अभियान के तहत खैरागढ़ जिले के ग्राम बेंदरी में सोलर आधारित पेयजल व्यवस्था से 41 परिवारों को मिली राहत

रायपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खैरागढ़ जिले के विकासखंड छुईखदान अंतर्गत ग्राम बेंदरी (ग्राम पंचायत भुरभुसी)  में जलजीवन मिशन के माध्यम से सौर ऊर्जा आधारित पेयजल व्यवस्था ग्रामीणों के लिए उपयोगी साबित हो रही है। सोलर पंप से संचालित इस जल आपूर्ति व्यवस्था के माध्यम से गांव के 41 परिवारों के 185 ग्रामीणों को घर के समीप नियमित स्वच्छ और शुद्ध पेयजल आसानी से उपलब्ध हो रहा है।

ग्राम बेंदरी में सौर ऊर्जा से संचालित पंप द्वारा भूमिगत जल को ऊंची जल टंकी में संग्रहित किया जाता है। इसके बाद पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पानी पहुंचाया जाता है। घर के पास नल से पानी मिलने के कारण ग्रामीणों को दूरस्थ जलस्रोतों से पानी लाने की निर्भरता खत्म हुई है और दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ी है।

’महिलाओं और बच्चों के समय एवं श्रम की बचत’
पेयजल सुविधा घर के समीप उपलब्ध होने से विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को बड़ी राहत मिली है। पानी लाने में लगने वाले समय और श्रम की बचत होने से अब उस समय का उपयोग घरेलू कार्यों, बच्चों की देखभाल, शिक्षा और आजीविका से जुड़े कार्यों में किया जा सकता है।

’सौर ऊर्जा से सुगम और पर्यावरण-अनुकूल व्यवस्था’
सौर ऊर्जा आधारित पंप के उपयोग से पेयजल आपूर्ति को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़ा गया है। इससे बिजली पर निर्भरता कम करने में मदद मिल रही है और ग्रामीण क्षेत्र में पर्यावरण-अनुकूल जल आपूर्ति व्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है। ग्रामीणों द्वारा जल संरचनाओं के संरक्षण, पानी के सदुपयोग और स्वच्छता के प्रति भी जागरूकता दिखाई जा रही है।

’हर घर जल से बढ़ी सुविधा’
खैरागढ़ के ग्राम बेंदरी में जल जीवन मिशन की यह व्यवस्था ‘हर घर जल’ के उद्देश्य को धरातल पर साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीणों के दैनिक जीवन में सुविधा बढ़ी है और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को भी बढ़ावा मिला है।