कैंसर से जंग लड़ रहीं अभिनेत्री का इमोशनल पोस्ट, बयां किया दर्द

कैंसर से जंग लड़ रहीं अभिनेत्री का इमोशनल पोस्ट, बयां किया दर्द

कैंसर से जंग लड़ रहीं अभिनेत्री का इमोशनल पोस्ट, बयां किया दर्द

मुंबई । अभिनेत्री मेधा मांजरेकर ने अपने प्रशंसकों के साथ एक भावुक खबर शेयर की है। अभिनेता और फिल्म निर्माता महेश मांजरेकर की पत्नी मेधा ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह हाई-ग्रेड यूरिनरी ब्लैडर कैंसर से जूझ रही हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने इलाज के दौरान मिले अनुभव और भावनाओं को शब्दों में बयां किया।

भावुक पोस्ट में छलका दर्द

मेधा मांजरेकर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जीवन की कुछ यात्राएं इंसान को हमेशा के लिए बदल देती हैं और उनका यह सफर भी ऐसा ही रहा। उन्होंने बताया कि उनके उपचार का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो चुका है और जन्मदिन के करीब आते ही वह पूरे सफर को याद कर रही हैं।

मेधा ने लिखा कि जब भी उन्हें लगा कि अब आगे बढ़ना मुश्किल है, तब कोई न कोई उनके साथ खड़ा नजर आया। उनके अनुसार, यह महज संयोग नहीं था, बल्कि भगवान का उन्हें संभालने और आगे बढ़ाने का तरीका था। उन्होंने यह भी कहा कि इस कठिन दौर में वह कभी अकेली नहीं रहीं और हर कदम पर उन्हें अपनों का साथ मिला।

कई कलाकार लड़ चुके हैं कैंसर से जंग

फिल्म इंडस्ट्री में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का सामना करने वाले कलाकारों की सूची में अब मेधा मांजरेकर का नाम भी जुड़ गया है। इससे पहले अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे, महिमा चौधरी और अभिनेता संजय दत्त भी कैंसर का इलाज करा चुके हैं और इस बीमारी से संघर्ष कर चुके हैं।

महेश मांजरेकर की दूसरी पत्नी हैं मेधा

मेधा मांजरेकर अभिनेता महेश मांजरेकर की दूसरी पत्नी हैं। वर्ष 1995 में महेश मांजरेकर पहली पत्नी दीपा मेहता से अलग हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने मेधा से विवाह किया। दोनों की दो बेटियां हैं। उनकी बेटी साई मांजरेकर ने सलमान खान की फिल्म 'दबंग 3' से बॉलीवुड में अभिनय की शुरुआत की थी। मेधा के इस खुलासे के बाद उनके प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।