राज्योत्सव 2026 में अमित शाह और मंडाविया होंगे शामिल

राज्योत्सव 2026 में अमित शाह और मंडाविया होंगे शामिल

राज्योत्सव 2026 में अमित शाह और मंडाविया होंगे शामिल

रायपुर । छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस पर नवा रायपुर के तूता मेला मैदान में 1 से 3 नवंबर तक राज्योत्सव 2026 का आयोजन होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना है।

इस बार की थीम ‘सशक्त नारी-युवा उड़ान’ रखी गई है। तीन दिवसीय आयोजन में बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य के परफॉमेंस के साथ-साथ स्थानीय कलाकार छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की झलक पेश करेंगे।

सारंग हेलीकॉप्टर और भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम एयर शो करेंगी। राज्योत्सव स्थल पहुंचने के लिए 6 रूट निर्धारित किए गए हैं, जबकि अलग-अलग मार्गों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं, 3 नवंबर को राज्य अलंकरण समारोह के साथ राज्योत्सव का समापन होगा।

राज्योत्सव स्थल पहुंचने के लिए देखें रूट

राज्योत्सव स्थल पहुंचने के लिए 6 रूट निर्धारित किए गए हैं। अलग-अलग शहरों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां गाड़ियां पार्क कर दर्शक पैदल आयोजन स्थल तक पहुंच सकेंगे।

राज्योत्सव में होगा एयर शो, तारिख तय नहीं

राज्योत्सव 2026 के दौरान नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग हेलीकॉप्टर और भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबेटिक टीम के एयर शो का आयोजन होगा। सूर्यकिरण टीम करीब 40 मिनट के शो में 9 विमानों के साथ फॉर्मेशन फ्लाइंग और एयरोबेटिक स्टंट्स का प्रदर्शन करेगी।

इसकी तैयारियों को लेकर रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने शनिवार को अधिकारियों की बैठक ली। इसमें वायुसेना के सीनियर अफसरों सहित जिला प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। हालांकि, एयर शो की तारीख और समय की अधिकृत जानकारी अभी नहीं आई है।

सशक्त नारी-युवा उड़ान’ होगी थीम

इस बार की थीम में महिला सशक्तीकरण और युवाओं की भूमिका पर फोकस रहेगा। राज्योत्सव में इसके जरिए महिलाओं और युवाओं से जुड़ी योजनाओं, अवसरों और विकास की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। अलग-अलग विभाग अपने स्टॉल लगाएंगे, जहां सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

प्रदर्शनियों में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ जैसे विषय शामिल किए जाएंगे। इनके माध्यम से निवेश, रोजगार, अधोसंरचना और जनकल्याण से जुड़े कामों को लोगों के सामने रखा जाएगा।

40 राज्य स्तरीय अलंकरण-पुरस्कार दिए जाएंगे

राज्योत्सव के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को राज्य स्तरीय अलंकरण और पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। आयोजन में कुल 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार प्रदान किए जाने हैं।

डोम बनेंगे, 60 LED स्क्रीन लगेंगी

नवा रायपुर में राज्योत्सव मेला स्थल पर मुख्य मंच के सामने विशाल डोम बनाए जा रहे हैं, जिनमें 60 LED स्क्रीन लगाई जाएंगी। दर्शकों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। एंट्री के लिए 2 गेट होंगे, जिनमें से एक विभागीय प्रदर्शनी के लिए होगा।

इस प्रदर्शनी में राज्य शासन के अलग-अलग विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। स्थल पर 40 हजार वाहनों की पार्किंग, 300 शौचालय, 20 बेड का अस्पताल, ICU, 25 एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड वाहनों की व्यवस्था की गई है।

राज्योत्सव 2025 में शामिल हुए थे PM मोदी

छत्तीसगढ़ के 25वें स्थापना दिवस पर 1 नवंबर 2025 को नवा रायपुर में आयोजित रजत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए थे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया और 14,260 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया था।