जुहू बीच पर सफाई अभियान में जुटे अमृता-अजय
जुहू बीच पर सफाई अभियान में जुटे अमृता-अजय
मुंबई: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने शनिवार को मुंबई के जुहू बीच पर सफाई अभियान का नेतृत्व किया और कहा कि मुंबई के तटों को स्वच्छ रखना केवल नागरिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शहर के प्रति भावनात्मक जुड़ाव है। ‘दिव्याज फाउंडेशन’ ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) और मुंबई पुलिस के साथ मिलकर इस अभियान का आयोजन किया। गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूसों के एक दिन बाद समुद्री कचरा प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में अभिनेता अजय देवगन, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े और राज्य के मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा भी शामिल हुए।
‘दिव्याज फाउंडेशन’ की प्रमुख अमृता फडणवीस ने कहा, “समुद्र मुंबई को उसकी पहचान, सुंदरता और उसकी आत्मा देता है। अपने तटों को स्वच्छ रखना केवल नागरिक जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि उस शहर के प्रति भावनात्मक प्रतिबद्धता है, जिससे हम प्यार करते हैं।” उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों, खासकर युवाओं को पर्यावरण की जिम्मेदारी लेने और मुंबई के तटों की रक्षा के लिए प्रेरित करना है।
अभियान के दौरान देवगन ने कहा कि स्वच्छ समुद्र तट केवल किसी एक संगठन या प्राधिकरण की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि ये नागरिकों के सामूहिक अनुशासन और उनकी चिंता को दर्शाते हैं। अभिनेता ने छात्रों और युवाओं से अपने शहर, देश और समुद्र तटों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी लेने की अपील की और कहा कि छोटे-छोटे प्रयास बदलाव ला सकते हैं।
देवगन ने कहा, “जिस तरह हम अपने घरों से प्यार करते हैं और उन्हें साफ रखते हैं, मुझे लगता है कि वैसे ही हम अपने देश, शहर और समुद्र से भी प्यार करते हैं। इसलिए अपने शहर और देश को स्वच्छ रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।”








