सवारी की मौत: ‘पे एंड रिकवर’ लागू
सवारी की मौत: ‘पे एंड रिकवर’ लागू
बिलासपुर। हाई कोर्ट ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के एक महत्वपूर्ण फैसले को बरकरार रखते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति मालवाहक वाहन में ''''मानार्थ यात्री'''' के रूप में यात्रा कर रहा है और दुर्घटना में उसकी मृत्यु हो जाती है, तो भी बीमा कंपनी को पहले मुआवजे का भुगतान करना होगा. इसके बाद बीमा कंपनी इस राशि की वसूली वाहन के मालिक और चालक से कर सकती है। जस्टिस संजय के अग्रवाल की एकल पीठ ने ''''द न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड'''' द्वारा दायर अपील को पूरी तरह से खारिज कर दिया है.
मामला जांजगीर-चांपा जिले का है, जहां एक सड़क दुर्घटना में घनश्याम पटेल नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। वाहन मालिक और चालक रमेश यादव ने खुद अदालत में स्वीकार किया था कि वह वाहन को लापरवाही और तेज गति से चला रहा था। दुर्घटना के समय मृतक घनश्याम पटेल अपनी पत्नी के साथ उस मालवाहक वाहन की ट्राली में बैठे हुए थे, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मृत्यु हो गई।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, जांजगीर-चांपा ने 15 जनवरी 2020 को दावा मामले में फैसला सुनाते हुए बीमा कंपनी को मुआवजा देने और बाद में उसे मालिक से वसूलने का आदेश दिया था। बीमा कंपनी ने कहा कि मृतक एक मालवाहक वाहन में मुफ्त की सवारी के तौर पर यात्रा रहा था। यह बीमा पालिसी के नियमों का उल्लंघन है. इसलिए बीमा कंपनी को मुआवजे के दायित्व से पूरी तरह मुक्त किया जाना चाहिए।
मुआवजा निर्धारण में त्रुटि नहीं, अपील खारिज
हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि भले ही मानार्थ यात्री बीमा पालिसी के तहत कवर न हो, फिर भी ‘पे एंड रिकवर’ सिद्धांत लागू होगा। कोर्ट ने पाया कि मृतक के छह आश्रित थे, इसलिए व्यक्तिगत खर्च के लिए एक-चौथाई कटौती करना उचित था। मुआवजा निर्धारण में कोई त्रुटि नहीं मिलने पर अदालत ने अधिकरण के अवार्ड को सही ठहराया। बीमा कंपनी की अपील और वाहन मालिक की क्रास अपील दोनों को खारिज कर दिया गया।







