राज्योत्सव एयर शो के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
राज्योत्सव एयर शो के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दौरान नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में सारंग हेलीकॉप्टर एयर शो का आयोजन होगा। इसकी तैयारियों को लेकर रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने शनिवार को अधिकारियों की बैठक ली।
इसमें भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में एयर शो के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, चिकित्सा और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात सुचारु बनाए रखने और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका ध्यान रखने पर जोर दिया।
पार्किंग से लेकर मेडिकल सुविधा तक की समीक्षा
बैठक में आयोजन स्थल पर पुलिस सहायता, एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं, परिवहन और पार्किंग की व्यवस्था पर चर्चा हुई। इसके साथ ही ड्रॉप जोन की लेबलिंग, प्रवेश और आवागमन के रास्तों तथा आपात स्थिति से निपटने के इंतजामों की भी समीक्षा की गई।
आयोजन स्थल पर बिजली, मोबाइल टॉयलेट, सॉफ्ट ग्राउंड, मेंटेनेंस और कार्यालयीन कामकाज के लिए जगह जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को आयोजन की जरूरत के अनुसार सभी व्यवस्थाएं करने के लिए कहा गया।
अतिथियों के स्वागत और प्रचार की भी तैयारी
बैठक में अतिथियों के आगमन, स्वागत, परिवहन और पार्किंग की व्यवस्था के साथ एयर शो के प्रचार-प्रसार पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि यह महत्वपूर्ण आयोजन है। इसलिए सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, बिजली, यातायात और अन्य जरूरी सुविधाओं की तैयारी प्राथमिकता से पूरी की जाए। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों और आम नागरिकों की सुरक्षा व सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिस्वरंजन, भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा स्वास्थ्य विभाग, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए), परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








