इंदौर की बेटियों ने जीत के साथ शुरू किया अभियान

इंदौर की बेटियों ने जीत के साथ शुरू किया अभियान

इंदौर की बेटियों ने जीत के साथ शुरू किया अभियान

इंदौर। मेजबान इंदौर की खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश राज्य सीनियर महिला बास्केटबाल चैंपियनशिप में बड़ी जीत के साथ शुरुआत की। मध्य प्रदेश बास्केटबाल संघ के तत्वावधान में मध्य प्रदेश अस्मिता बास्केटबाल लीग के नाम से आयोजित इस चैंपियनशिप में प्रदेश की विभिन्न टीमों की 300 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।

बास्केटबाल कॉम्प्लेक्स में स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ मुक्तेश सिंह, संदीप जैन और सुमित सूरी के आतिथ्य में हुआ। इस दौरान मध्य प्रदेश बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष कुलविंदर सिंह गिल, महासचिव अविनाश आनंद, लक्ष्मीकांत पटेल, प्रो. एसके बंडी भी उपस्थित थे। पहले दिन मेजबान एनबीए इंदौर टीम की टक्कर खरगोन की टीम से हुई।

विपक्षी टीम को दबाव में रखा

इंदौर की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में खेलते हुए विपक्षी टीम को दबाव में रखा। एनबीए इंदौर ने यह मुकाबला 49-10 से अपने पक्ष में करते हुए दबदबा बनाया। मैच में इंदौर की खिलाड़ियों ने कोर्ट के दोनों छोर से हमले करने की नीति अपनाई। छोटे-छोटे पास के सहारे खिलाड़ी आगे बढ़ी, जिससे खरगोन का डिफेंस कमजोर हो गया। इंदौर की टीम के लिए उन्नति गोधा, यामिका, दिया भाटिया और तृप्ति शर्मा ने प्रभावी प्रदर्शन किया।

नरसिंहपुर की टीम ने मुकाबला अपने नाम किया

दिन के अन्य मैचों में उज्जैन कॉर्पोंरेशन की टक्कर रीवा जिला टीम से हुई। यह मुकाबला कांटे का रहा, जिसमें दोनों ही टीमों ने एक-दूसरे पर लगातार हमले किए। अंत में उज्जैन कॉर्पोंरेशन की टीम ने 48-32 अंकों से जीत हासिल की। नरसिंहपुर जिला टीम का सामना रतलाम कॉर्पोंरेशन की टीम से हुआ। नरसिंहपुर की लड़कियां शेरनी की तरह हमलावर नजर आईं। लगातार हमले करते हुए नरसिंहपुर की टीम ने 34-16 अंकों से यह मुकाबला अपने नाम किया।

भोपाल की टीम ने छिंदवाड़ा से मैच जीता

एक अन्य मैच में भोपाल कॉर्पोंरेशन टीम की टक्कर छिंदवाड़ा जिला टीम से हुई। परिणाम के लिहाज से यह मैच एकतरफा साबित हुआ। भोपाल की टीम ने बेहद आसानी से यह मैच 43-04 से जीता। मैच में गेंद अधिकांश समय गोपाल की खिलाड़ियों के कब्जे में ही रही। कुछ मौकों पर भोपाल की टीम ने गलतियां करते हुए छिंदवाड़ा की खिलाड़ियों को मौके दिए, जिससे टीम के अंक बन सके।

इससे पहले स्पर्धा के शुभारंभ अवसर पर पूर्व खिलाड़ियों और खेल प्रशासकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में सुनील हार्डिया, वेदप्रकाश रिछारिया, रमेश अरोरा, ऋतु शर्मा और कुलदीप हार्डिया को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।