राज्य में वरिष्ठ नागरिकों की मानसिक देखभाल को मिला नया संबल
राज्य में वरिष्ठ नागरिकों की मानसिक देखभाल को मिला नया संबल
वृद्धाश्रम में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत विशेष शिविर आयोजित, विशेषज्ञों ने किया परीक्षण, परामर्श और दवा वितरण
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार संवेदनशील पहल की जा रही है। इसी क्रम में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (एनएमएचपी) के अंतर्गत सूरजपुर स्थित छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान (वृद्धाश्रम) में विशेष मानसिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें वृद्धजनों को निःशुल्क परीक्षण, परामर्श, उपचार एवं आवश्यक दवाइयों की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. के.डी. पैकरा के निर्देशन तथा एनएमएचपी के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश पैकरा एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप नामदेव के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. अंकित शर्मा, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट श्री सचिन मातुरकर और सीनियर नर्सिंग ऑफिसर श्री नंदकिशोर वर्मा ने वरिष्ठ नागरिकों का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण किया।
शिविर के दौरान वृद्धजनों को अवसाद, चिंता, तनाव, अनिद्रा, भूलने की समस्या (डिमेंशिया) तथा स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी मानसिक एवं भावनात्मक समस्याओं को समझा और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने, नियमित दिनचर्या बनाए रखने तथा सामाजिक सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
आवश्यकतानुसार हितग्राहियों को दवाइयों का वितरण किया गया तथा आगे के उपचार और नियमित फॉलो-अप के लिए परामर्श भी प्रदान किया गया। शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों तक सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशील मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना तथा उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार लाना रहा।
वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य पर इस प्रकार का विशेष ध्यान उन्हें भावनात्मक सुरक्षा और आत्मविश्वास प्रदान करता है। वृद्धाश्रम प्रबंधन ने भी जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।








