पिता की हत्या कर रची आत्महत्या की साजिश
पिता की हत्या कर रची आत्महत्या की साजिश
रायपुर। अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री में 22 वर्षीय डोमेश साहू ने अपने पिता डोमार साहू (48) की चाकू से वार कर हत्या कर दी। नौ अक्टूबर की शाम घर में पत्नी के चरित्र पर शंका को लेकर डोमार साहू का विवाद हो रहा था। इसी दौरान विवाद में बेटे के संबंध में भी आपत्तिजनक आरोप लगाए जाने से डोमेश आक्रोशित हो गया। उसने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बचाव करने के दौरान पिता के दाहिने हाथ की कलाई के पास भी चोट आई। इसके बाद गले पर कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के समय मृतक की पत्नी भी मौके पर मौजूद थी।
हत्या के बाद आरोपित ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। उसने अपने पहने हुए कपड़े गांव के बड़े नहर-नाले में फेंक दिए और घर लौट आया। इसके बाद परिजनों और आसपास के लोगों को बताया कि उसके पिता ने आत्महत्या कर ली है। हालांकि, पुलिस की जांच और पूछताछ में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने आरोपित डोमेश साहू को गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद के दौरान किया चाकू से हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम केंद्री निवासी डोमार साहू नौ अक्टूबर की शाम करीब सात बजे शराब के नशे में अपनी पत्नी दुलेश्वरी साहू से विवाद कर रहा था। इसी दौरान उनका बेटा डोमेश साहू घर पहुंचा। घर में विवाद के दौरान डोमार साहू ने अपनी पत्नी और बेटे के संबंध में आपत्तिजनक आरोप लगाए। इस बात से गुस्साए डोमेश ने रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पिता के गले पर हमला कर दिया।
रात 11:30 बजे पुलिस को मिली सूचना
घटना की सूचना ग्राम केंद्री के सरपंच ने रात करीब 11:30 बजे पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल और शव को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। शुरुआती स्तर पर घटना को आत्महत्या बताने की कोशिश की गई थी, लेकिन परिस्थितियों पर संदेह होने के बाद पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
पूछताछ में हत्या करना स्वीकार किया
पुलिस ने संदेह के आधार पर डोमेश साहू से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पिता की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं। हत्या के बाद घटना को आत्महत्या बताने और कपड़े फेंककर साक्ष्य छिपाने की कोशिश से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








