नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी पी. नरहरि ने कोंडागांव में किसानों और बिहान की महिलाओं से किया संवाद
नीति आयोग के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी पी. नरहरि ने कोंडागांव में किसानों और बिहान की महिलाओं से किया संवाद
आधुनिक खेती, पशुपालन और महिला स्वरोजगार पर दिया विशेष जोर
रायपुर। नीति आयोग भारत सरकार के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी श्री पी. नरहरि ने कोण्डागांव जिले के दो दिवसीय प्रवास के पहले दिन बुधवार को विभिन्न विकास योजनाओं का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों, बिहान (राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) की महिलाओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। श्री नरहरि सबसे पहले कोण्डागांव विकासखंड के ग्राम मसौरा पहुंचे, जहां उन्होंने किसान श्री जितेन्द्र दीवान के खेत में ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग पद्धति से की जा रही सब्जी उत्पादन की जानकारी ली। किसान ने बताया कि आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उत्पादन और आय दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
इस पर श्री नरहरि ने जिला प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को राज्य से बाहर एक्सपोजर विजिट कराई जाएं और उन्हें अपने उत्पादों के लिए सीधे खरीदारों से जोड़ा जाए, ताकि बिचौलियों की भूमिका कम हो और किसानों को उचित लाभ मिल सके। इसके बाद श्री नरहरि आरसेटी पहुंचे, जहां बिहान मिशन के अंतर्गत पशु सखियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया और उन्हें प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ उठाते हुए स्वरोजगार एवं आय वृद्धि की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आरसेटी अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे वर्ष का प्रशिक्षण कैलेंडर तैयार किया जाए और इसे अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाया जाए।
श्री नरहरि ने चाइल्ड हेल्पलाइन एवं एचआरपी सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं और बच्चों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा केंद्र के प्रभावी संचालन और गुणवत्ता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। दौरे के दौरान उन्होंने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, शामपुर का भी निरीक्षण किया। विद्यार्थियों और शिक्षकों से चर्चा करते हुए उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। शिक्षकों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा उपलब्ध सुविधाओं का समुचित उपयोग करते हुए आदिवासी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें, ताकि वे शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, एसडीएम श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, डिप्टी कलेक्टर श्री किशोर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। श्री नरहरि का यह दौरा शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।








