नगर विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका, जनसमस्याओं के समाधान को दें प्राथमिकता: मंत्री रामविचार नेताम

नगर विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका, जनसमस्याओं के समाधान को दें प्राथमिकता: मंत्री रामविचार नेताम

नगर विकास में निभाएं सक्रिय भूमिका, जनसमस्याओं के समाधान को दें प्राथमिकता: मंत्री रामविचार नेताम

रामानुजगंज में नवनियुक्त एल्डरमैनों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

रायपुर। नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नवनियुक्त एल्डरमैनों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नगर के समग्र विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। काका लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में आदिम जाति विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, मछली पालन तथा पशुपालन मंत्री श्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

मंत्री श्री नेताम ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की भूमिका केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने नवनियुक्त एल्डरमैनों से प्रत्येक वार्ड में नियमित भ्रमण कर नागरिकों की समस्याओं को सुनने, उनके समाधान के लिए पहल करने तथा नगर पालिका परिषद के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनहित सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और सभी एल्डरमैन अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ करते हुए नगर के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें।

नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के अध्यक्ष श्री रमन जायसवाल ने नवनियुक्त एल्डरमैनों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव और सहयोग से नगर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

राज्य शासन द्वारा सुभाष केशरी, मोहन गुप्ता, जय प्रकाश केशरी, सीमा रवि तथा अनूप कश्यप को नगर पालिका परिषद रामानुजगंज का एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। सभी ने विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर जनहित, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

समारोह में सांसद श्री चिंतामणि महाराज, जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवा’, जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जिला पंचायत सदस्य मुंशी राम सांडिल्य एवं बद्री यादव, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, एसडीएम आनंद राम नेताम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रणवीर साय, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।