जिम्बाब्वे से भिड़ेगी टीम इंडिया, महिलाओं की एंट्री फ्री
जिम्बाब्वे से भिड़ेगी टीम इंडिया, महिलाओं की एंट्री फ्री
रायपुर। रायपुर में भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच 16 अक्टूबर से टी-20 सीरीज शुरू होगी। तीन मैचों की इस सीरीज के सभी मुकाबले नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
सीरीज से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिजिटल के सवाल पर भारतीय टीम की नई कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि अगले तीन महीने में टीम के नए स्टैंडर्ड तय करना ज्यादा जरूरी है। कप्तानी के दबाव में उनकी बल्लेबाजी का अंदाज नहीं बदलेगा।
स्मृति मंधाना ने कहा कि वह पहले की तरह अपने शॉट खेलेंगी और टीम के लिए रन बनाने पर ध्यान देंगी। सीरीज का पहला मुकाबला कल यानी 16 अक्टूबर, दूसरा 18 अक्टूबर और तीसरा 20 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच शाम 7 बजे से शुरू होंगे। स्टेडियम में महिलाओं के लिए एंट्री फ्री रहेगी।
कप्तानी की जानकारी उसी दिन मिली, हरमनप्रीत से हुई चर्चा
स्मृति ने बताया कि उन्हें कप्तान बनाए जाने की जानकारी उसी दिन मिली, जिस दिन मीडिया को इसकी खबर मिली। हालांकि, इससे एक दिन पहले टीम की बैठक हुई थी। पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर के अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरमनप्रीत ने 10 साल तक भारतीय टीम की कप्तानी की है।
स्मृति ने बताया कि हरमनप्रीत और कोच के साथ अगले 2-3 साल में होने वाले बड़े टूर्नामेंट की तैयारी और टीम की आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।
बल्लेबाजी के दौरान खुद को कप्तान नहीं, बल्लेबाज मानेंगी
स्मृति ने कहा कि कप्तानी मिलने से उनकी बल्लेबाजी की सोच नहीं बदलेगी। फील्डिंग के दौरान वह कप्तान की भूमिका निभाएंगी, लेकिन बल्लेबाजी करते समय उनका ध्यान रन बनाने पर रहेगा।
उन्होंने बचपन के कोच की सीख साझा करते हुए बताया कि जब वह 15 साल की थीं, तब कोच ने उनसे कहा था कि बल्लेबाजी करने जाओ तो हमेशा यह सोचकर खेलो कि तुम टीम की कप्तान हो। इससे उनमें जिम्मेदारी लेने की आदत विकसित हुई।
स्मृति ने कहा कि गेंद उनके शॉट खेलने के दायरे में होगी तो वह अपना शॉट जरूर खेलेंगी।
पिछले दो टी-20 वर्ल्ड कप की नाकामी से सबक ले रही टीम
स्मृति ने माना कि भारतीय टीम पिछले दो टी-20 वर्ल्ड कप में नॉकआउट में जगह नहीं बना पाई थी। यह टीम के लिए निराशाजनक रहा। हालांकि, उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में क्षमता की कमी नहीं है। टी-20 क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन के लिए छोटे-छोटे सुधार भी बड़ा अंतर पैदा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि टीम की सभी खिलाड़ी फिटनेस, फील्डिंग, गेंदबाजी और बल्लेबाजी में सुधार के लिए गंभीरता से काम कर रही हैं। टीम का जोर इन सभी क्षेत्रों में करीब 10% सुधार करने पर है, ताकि टी-20 क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।
रायपुर की ओस को ध्यान में रखकर बनेगा टीम कॉम्बिनेशन
रायपुर की पिच को बल्लेबाजी के अनुकूल बताते हुए स्मृति ने कहा कि शाम के समय यहां ओस जल्दी और ज्यादा पड़ती है। इससे गेंदबाजों के लिए गेंद पर नियंत्रण रखना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में टीम कॉम्बिनेशन तय करते समय ओस के असर को भी ध्यान में रखा जाएगा, ताकि गेंदबाज इन परिस्थितियों में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बताया कि चैंपियंस ट्रॉफी से पहले टीम को छह टी-20 मैच खेलने का मौका मिलेगा। इन मुकाबलों से टीम अपनी तैयारियों को मजबूत करने और अलग-अलग परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने की तैयारी करेगी।
स्मृति बोलीं- चैंपियनशिप से पहले तैयारियां मजबूत की जाएंगी
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्मृति मंधाना ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली द्विपक्षीय सीरीज को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ पहली द्विपक्षीय सीरीज खेलने का अनुभव खास होगा।
मंधाना ने बताया कि टीम का फोकस सिर्फ मैच जीतने पर नहीं, बल्कि एक नई टीम के तौर पर खेलने का तरीका और अपने मानक तय करने पर भी रहेगा। चैंपियनशिप से पहले टीम को 6 टी-20 मैच खेलने हैं। ऐसे में अगले तीन महीने काफी अहम होंगे।
इस दौरान टीम चैंपियनशिप में उतरने के लिए अपनी रणनीति और सोच तय करने पर काम करेगी।
जिम्बाब्वे खेल का मजा लेती है, उनसे सीखने को बहुत कुछ
स्मृति मंधाना ने कहा कि कई बार भारतीय टीम पेशेवर क्रिकेट की रणनीतियों और बारीकियों में इतनी उलझ जाती है कि खेल का आनंद लेना पीछे छूट जाता है। जिम्बाब्वे और एसोसिएट देशों की टीमों से यह सीखने को मिलता है कि मैदान पर खेल का मजा लेना भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इन टीमों को खेलते देखकर भारतीय खिलाड़ी भी खेल का आनंद लेने और कुछ अच्छी चीजें सीख सकते हैं।








