छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा, बस्तर में बारिश की चेतावनी
छत्तीसगढ़ में मौसम बदलेगा, बस्तर में बारिश की चेतावनी
रायपुर। रायपुर में सुबह से धूप तेज होने लगी है। यहां तापमान 33 डिग्री के पार पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के बीच दक्षिणी हिस्से में बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
आज, (17 अक्टूबर) को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। रायपुर में आज मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 33°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रह सकता है।
रायपुर में 33.4°C तापमान, पेंड्रा रोड में रात सबसे ठंडी
शुक्रवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.4°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 19°C पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।
अगले दो दिन भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।








