गाने में अश्लीलता का तड़का, सोशल मीडिया पर बवाल
गाने में अश्लीलता का तड़का, सोशल मीडिया पर बवाल
मुंबई । संगीत को कभी रूह का सुकून कहा जाता था, लेकिन आज का दौर इसे 'अश्लीलता' के आगोश में धकेलता जा रहा है। हाल ही में रिलीज हुआ नोरा फतेही और संजय दत्त का नया गाना इसी कड़वे सच की गवाही दे रहा है। फिल्म 'केडी- द डेविल' (KD-The Devil) का गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' (Sarke Chunar Teri Sarke) इस वक्त विवादों के केंद्र में है। आरोप है कि इस गाने ने शब्दों की मर्यादा और विजुअल की गरिमा, दोनों की बलि चढ़ा दी है।
गाने की शुरुआत भले ही सामान्य लगे, लेकिन जैसे-जैसे बीट्स बढ़ती हैं, लिरिक्स में ऐसी अभद्रता शामिल हो जाती है जिसे परिवार के साथ सुनना तो दूर, सार्वजनिक रूप से दोहराना भी मुश्किल है। आमतौर पर गानों में 'डबल मीनिंग' (द्विअर्थी) शब्दों का सहारा लिया जाता है, लेकिन इस गाने में मेकर्स ने सीधे तौर पर भद्दे शब्दों का इस्तेमाल किया है।
गीतकार रकीब आलम और म्यूजिक डायरेक्टर अर्जुन जान्या की इस जुगलबंदी पर अब सोशल मीडिया का गुस्सा फूट रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या मनोरंजन के नाम पर कुछ भी परोसा जा सकता है?
वल्गर डांस स्टेप्स और 'खलनायक' का अंदाज
सिर्फ बोल ही नहीं, गाने के विजुअल्स और कोरियोग्राफी ने भी अश्लीलता की हर हद पार कर दी है। नोरा फतेही की हॉटनेस और संजय दत्त का 'खलनायक' लुक इस गाने में फीका पड़ता नजर आ रहा है, क्योंकि सारा ध्यान 'वल्गर' डांस स्टेप्स पर टिक गया है। पल्लू गिराने वाले स्टेप्स हों या संजय दत्त के साथ नोरा की केमिस्ट्री, सब कुछ जबरन थोपा हुआ और भद्दा नजर आ रहा है।
सोशल मीडिया पर आक्रोश: 'भोजपुरी को भी मात दी'
जैसे ही गाना वायरल हुआ, यूजर्स ने मेकर्स को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर लोग फिल्म के डायरेक्टर प्रेम और KVN Productions को ट्रोल कर रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा, "इन्होंने तो अश्लीलता के मामले में भोजपुरी गानों को भी पीछे छोड़ दिया है।" वहीं एक अन्य ने कहा, "किशोर दा और रफी साहब के दौर से हम कहाँ आ गए हैं? क्या यही आज का संगीत है?"
विवादों का पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब किसी बॉलीवुड या पैन-इंडिया गाने पर बवाल हुआ हो। हाल ही में बादशाह के गाने 'टटीरी' पर भी ऐसा ही विवाद देखने को मिला था। लेकिन 'केडी- द डेविल' के इस गाने ने जिस तरह से अश्लीलता को भुनाने की कोशिश की है, उसने आम जनता के बीच आक्रोश पैदा कर दिया है। फिल्म में ध्रुव सरजा, शिल्पा शेट्टी और वी रविचंद्रन जैसे बड़े नाम शामिल हैं, ऐसे में इस तरह के विवाद फिल्म की छवि पर भारी पड़ सकते हैं।







