पूर्व क्रिकेटर का बड़ा दावा
पूर्व क्रिकेटर का बड़ा दावा
नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट में एक बड़ा विवाद खड़ा करते हुए टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने दावा किया है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टीम के खराब माहौल के चलते टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया। दोनों दिग्गजों ने इस साल इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट प्रारूप को अलविदा कह दिया था और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं।
तिवारी के मुताबिक, रोहित और विराट टेस्ट क्रिकेट जारी रखना चाहते थे, लेकिन परिस्थितियां उनके खिलाफ बन गईं। उन्होंने यह भी कहा कि टीम में हुए अनावश्यक बदलावों ने माहौल खराब किया और दोनों दिग्गज इसकी भेंट चढ़ गए।
इंडिया टुडे से बातचीत में मनोज तिवारी ने कहा, भारत को किसी बदलाव की जरूरत ही नहीं थी। हमारा घरेलू ढांचा प्रतिभाओं से भरा है। लेकिन बदलाव के नाम पर ऐसे निर्णय हुए, जिनसे माहौल बिगड़ा और रोहित-विराट जैसे खिलाड़ी पीछे हटने को मजबूर हो गए। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट की पवित्रता की रक्षा करना चाहते थे, लेकिन टीम के भीतर बनाया गया माहौल उनके खिलाफ चला गया।







