बजट 9 करोड़, कमाई 1400 करोड़... 26 साल के यूट्यूबर की हॉरर फिल्म ने दुनियाभर में मचाया गदर
बजट 9 करोड़, कमाई 1400 करोड़... 26 साल के यूट्यूबर की हॉरर फिल्म ने दुनियाभर में मचाया गदर
नई दिल्ली। बॉक्स ऑफिस पर बड़ी स्टारकास्ट और अरबों रुपये के बजट वाली फिल्में अक्सर औंधे मुंह गिर जाती हैं, लेकिन एक मजबूत कहानी और लाजवाब डायरेक्शन क्या कमाल कर सकता है, इसका ताजा उदाहरण एक 26 साल के यूट्यूबर ने पेश किया है। इस युवा यूट्यूबर द्वारा बनाई गई पहली ही फिल्म इस साल की टॉप रेटेड हॉरर-थ्रिलर बन चुकी है और दुनिया भर के सिनेमाघरों में अंधाधुंध नोट छाप रही है। इस लो-बजट फिल्म के क्रेज ने हॉलीवुड और बॉलीवुड दोनों को हैरान कर दिया है।
1.5 मिलियन डॉलर के बजट में 150 गुना ज्यादा मुनाफा
हम बात कर रहे हैं इस साल की सबसे बेहतरीन हॉरर फिल्म बताई जा रही 'ऑब्सेशन' (Obsession) की, जिसने IMDb पर 8.2 की धमाकेदार रेटिंग हासिल की है। आपको जानकर हैरानी होगी कि 1 घंटे 49 मिनट की इस फिल्म को बनाने में महज 1 मिलियन डॉलर (करीब 9 करोड़ रुपये) से भी कम का खर्च आया है।
लेकिन जब बात कमाई की आई, तो इस फिल्म ने चंद दिनों में ही अपने बजट से 150 गुना ज्यादा का बिजनेस कर लिया। 'ऑब्सेशन' का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 148 मिलियन डॉलर (करीब 1,404 करोड़ रुपये) के आंकड़े को पार कर चुका है। कमाई के इस तूफान के आगे हॉलीवुड की बड़ी मेगा-बजट फ्रेंचाइजी 'स्टार वॉर्स' की फिल्में 'द मंडलोरियन' और 'ग्रोगु' भी पीछे छूट गई हैं।
कॉमेडी बनाने वाले यूट्यूबर का पहला थिएट्रिकल डेब्यू
इस ऐतिहासिक कामयाबी के पीछे करी बार्कर (Curry Barker) नाम के एक मशहूर यूट्यूबर का दिमाग है। करी एक फेमस कंटेंट क्रिएटर होने के साथ-साथ एक्टर भी हैं, जो यूट्यूब पर 'that's a bad idea' नाम से एक कॉमेडी चैनल चलाते हैं।
'ऑब्सेशन' के जरिए करी बार्कर ने अपना पहला थिएट्रिकल डेब्यू किया है। सबसे खास बात यह है कि करी ने न केवल इस फिल्म का डायरेक्शन किया है, बल्कि इसकी रोंगटे खड़े कर देने वाली कहानी भी खुद लिखी है और इसकी एडिटिंग का जिम्मा भी खुद ही संभाला है। इस फिल्म से पहले उन्होंने 'मिल्क एंड सीरियल' नाम की एक और शॉर्ट हॉरर फिल्म बनाकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
क्या है 'ऑब्सेशन' की डरावनी कहानी?
फिल्म की कहानी 'बियर' नाम के एक सीधे-साधे लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक म्यूजिक स्टोर में काम करता है। बियर मन ही मन अपनी एक खास दोस्त 'निक्की' से बेहद प्यार करता है। एक दिन उसके हाथ एक अजीबोगरीब और रहस्यमयी सुपरनैचुरल (पारलौकिक) खिलौना लगता है।
वह उस जादुई खिलौने से यह मन्नत मांग लेता है कि निक्की भी उसके प्यार में पागल हो जाए। खिलौना उसकी यह इच्छा तो पूरी कर देता है, लेकिन इसके बदले में बियर की जिंदगी में जो खौफनाक और भयानक मोड़ आते हैं, वो दर्शकों की रूह कंपा देते हैं। फिल्म में मुख्य भूमिकाएं माइकल जॉनस्टन और इंडे नवरेट ने निभाई हैं, जिनकी एक्टिंग की हर तरफ तारीफ हो रही है।







