रायपुर से दिल्ली के लिए बढ़ी उड़ानें
रायपुर से दिल्ली के लिए बढ़ी उड़ानें
रायपुर। देशभर में रायपुर उन चुनिंदा एयरपोर्ट में हो गया है, जहां से दिल्ली आने-जाने के लिए एक ही दिन में आठ फ्लाइट उपलब्ध हैं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने 1 से 24 अक्टूबर तक उड़ानों का शेड्यूल जारी किया है। इसमें सबसे ज्यादा रायपुर से दिल्ली की उड़ानों को शामिल किया गया है।
ऐसे में यात्री अब रायपुर से सुबह, दोपहर, शाम और रात किसी भी समय आना-जाना कर सकेंगे। यही नहीं सुबह रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरकर किसी भी समय काम निपटाकर वापस आ सकेंगे। यही नहीं अगस्त 2026 में एयर इंडिया की ओर से बंद की गई शाम की फ्लाई भी दोबारा शुरू कर दी गई है। इस तरह रायपुर से दिल्ली के लिए इंडिगो की पांच और एयर इंडिया की तीन फ्लाइट हफ्ते में सातों दिन उपलब्ध है। इसके अलावा रायपुर से मुंबई के लिए भी रोजाना चार फ्लाइट आना-जाना कर रही है।
रायपुर से दिल्ली के लिए उड़ानें ज्यादा होने की वजह से अभी ऑफ सीजन में पहले से दिल्ली के लिए टिकट बुक कराने पर 6000 से 7000 रुपए में टिकट उपलब्ध है। इतना ही नहीं अर्जेंट में भी टिकट 10 से 12 हजार रुपए में मिल जा रही है। नए शेड्यूल में दिल्ली-मुंबई के अलावा रायपुर से हैदराबाद, बेंगलुरू, अहमदाबाद, लखनऊ, जगदलपुर, कोलकाता, भुवनेश्वर, रींवा, चेन्नई, गोवा, भोपाल, इंदौर और पुणे के लिए भी उड़ान उपलब्ध है।
छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 6 ट्रेनें रद्द
रायपुर में भले ही हवाई उड़ानें कम नहीं की गई, लेकिन ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला जारी है। छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 6 एक्सप्रेस ट्रेनों हैदराबाद-रक्सौल, तिरुपति-रक्सौल और वास्को डी गामा-जसीडीह एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। रेलवे के नॉन-इंटरलॉकिंग काम के चलते 7 से 17 दिसंबर के बीच अलग-अलग तारीखों में ट्रेनें कैंसिल रहेंगी। इससे पहले रेलवे ने 24 नवंबर से 15 जनवरी 2027 तक टाटानगर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी एक्सप्रेस, नांदेड़-संतरागाछी एक्सप्रेस और पुणे-संतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस के भी निर्धारित फेरे रद्द किए हैं। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रैक बदलने का काम किया जाएगा, जिससे ये ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। पिछले 5 महीनों में 29 ट्रेनों पर असर पड़ा है।
14 अक्टूबर तक 18 ट्रेनें पहले ही प्रभावित हैं। इन एक्सप्रेस ट्रेनों के कैंसिल होने से झारखंड, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार और गोवा जाने वाले यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। अफसरों का कहना है कि यात्री स्टेशन जाने से पहले रेलवे हेल्पलाइन 139 या नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम (NTES) से ट्रेन का वास्तविक स्टेटस चेक कर सकते हैं। रेलवे की वेबसाइट और मोबाइल एप पर भी ट्रेन के संचालन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध रहती है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि रद्द ट्रेन के भरोसे स्टेशन के लिए रवाना न हों। यात्रा से पहले ट्रेन नंबर डालकर स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि आखिरी समय में परेशानी से बचा जा सके।








