ललित मोदी ने मांगी माफी
ललित मोदी ने मांगी माफी
नई दिल्ली । लंदन में शराब कारोबारी विजय माल्या के 70वें जन्मदिन के जश्न का एक वीडियो सोशल मीडिया पर विवाद का केंद्र बन गया है। इस वीडियो में माल्या के साथ पूर्व आईपीएल कमिश्नर ललित मोदी नजर आ रहे हैं, जो खुद को और माल्या को "भारत के दो सबसे बड़े भगोड़े" कहकर संबोधित कर रहे हैं। इस टिप्पणी ने न केवल नेटिजन्स बल्कि भारत सरकार को भी तीखी प्रतिक्रिया देने पर मजबूर कर दिया है। ललित मोदी ने इस विवादास्पद वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा था, "भारत में इंटरनेट पर फिर से तहलका मचाने का समय आ गया है।" हालांकि, सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश और कानूनी कार्यवाही के डर के बाद मोदी ने वीडियो डिलीट कर दिया और 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर माफीनामा जारी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका इरादा सरकार या जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और उनकी बात को गलत संदर्भ में लिया गया।







