ढाबे के पास बदमाशों का आतंक, दो पकड़े
ढाबे के पास बदमाशों का आतंक, दो पकड़े
रायपुर। अभनपुर में ढाबे के पास चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने और लूट की कोशिश कर रहे तीन युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही तीनों भागने लगे। टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक मौके से फरार हो गया।
घटना 4 सितंबर की बताई गई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि यारा द पंजाबी ढाबा के पास तीन युवक बाइक से पहुंचे हैं और चाकू लहराकर आने-जाने वालों को धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस पहुंची तो भागने लगे, 2 पकड़े गए
पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने लगे। टीम ने घेराबंदी कर राजू बंजारे उर्फ राजू पठान (30), निवासी वार्ड-7 अभनपुर और दीपक वर्मा (25), निवासी बड़े उरला को पकड़ लिया।
वहीं मोहित मिता, निवासी टोकरो मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
चाकू और बाइक जब्त
पुलिस ने राजू बंजारे के पास से स्टील का धारदार चाकू बरामद किया। घटना में इस्तेमाल बाइक CG-04-KC-3871 भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक चाकू रखने से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं दिखाए जाने पर उसे जब्त किया गया।
राजू पर पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजू बंजारे उर्फ राजू पठान के खिलाफ पहले से लूट और चाकूबाजी के कई मामले दर्ज हैं।
मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 111 बीएनएस और धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी मोहित मिता की तलाश जारी है।








