छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई शुरू
छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई शुरू
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे में प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल हो सकता है। इस दौरान प्रदेश में मौसम ड्राई रहेगा ।
रायपुर में आज (2 अक्टूबर) मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम करीब 25°C रह सकता है। गुरुवार को रायपुर में अधिकतम 33.4°C और न्यूनतम 24.9°C तापमान दर्ज किया गया।
अगले दो दिन बारिश के आसार नहीं
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के लगभग पूरे हिस्से में मौसम ड्राई रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में भी बारिश की गतिविधियां सीमित रहने की संभावना है। प्रदेश के किसी भी जिले के लिए फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राजनांदगांव सबसे गर्म, पेंड्रा रोड सबसे ठंडा
गुरुवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 34.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.2 डिग्री रहा। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 23.6 डिग्री रहा। अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 19.4 डिग्री दर्ज किया गया।
मानसून की वापसी के लिए बन रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा लगातार आगे बढ़ रही है। अगले 48 घंटे में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्यप्रदेश के ज्यादातर हिस्सों के साथ छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने की संभावना है।
अगले 2 दिन: प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना। चेतावनी: किसी भी जिले के लिए कोई अलर्ट नहीं।








